The Duniyadari: अंबिकापुर- कृषि पंप बिजली कनेक्शन और ट्रांसफॉर्मर उपलब्ध कराने के नाम पर किसानों से अवैध रूप से पैसे लेने के आरोप में बिजली विभाग ने एक लाइनमैन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। प्राथमिक जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद संबंधित कर्मचारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
मामला ग्राम पंचायत महारानीपुर (देऊरपारा), बेलडांड़ का है, जहां किसानों ने शिकायत की थी कि राजापुर वितरण केंद्र में पदस्थ लाइनमैन चन्द्रकुमार सिदार सिंचाई के लिए कृषि पंप विद्युत कनेक्शन और ट्रांसफॉर्मर लगाने के बदले किसानों से 7 हजार रुपये या उससे अधिक की राशि की मांग कर रहे थे।
शिकायत मिलने के बाद विभागीय जांच कराई गई। जांच में यह सामने आया कि चन्द्रकुमार सिदार ने अपने पद का अनुचित लाभ उठाते हुए महारानीपुर के देऊरपारा और चिड़ापारा के ग्रामीणों से कृषि पंप कनेक्शन दिलाने के नाम पर अवैध वसूली की।
जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्यपालन यंत्री (सं/सं) संभाग अंबिकापुर ने इसे छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 का उल्लंघन और शासकीय कर्तव्यों के प्रति गंभीर लापरवाही मानते हुए लाइनमैन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
विभागीय आदेश के अनुसार निलंबन अवधि के दौरान चन्द्रकुमार सिदार का मुख्यालय बलरामपुर वितरण केंद्र निर्धारित किया गया है। वहीं, विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों से अवैध वसूली जैसी शिकायतों पर आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।















