Friday, July 3, 2026
Home Breaking लूट की साजिश: प्रेमिका संग मिलकर बुआ का मंगलसूत्र झपटा, चार गिरफ्तार

लूट की साजिश: प्रेमिका संग मिलकर बुआ का मंगलसूत्र झपटा, चार गिरफ्तार

6

The Duniyadari: बलौदाबाजार- भाटापारा शहर में एक 80 वर्षीय महिला से मंगलसूत्र लूटने की घटना का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। मामले की जांच में जो सच सामने आया, उसने सभी को हैरान कर दिया। वृद्धा के साथ वारदात किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उनके सगे भतीजे ने अपनी प्रेमिका और दो साथियों के साथ मिलकर की थी।

पुलिस के अनुसार, 25 जून को नयापारा वार्ड निवासी हीराबाई ध्रुव (80) को आरोपियों ने झांसे में लिया। पहले उन्होंने खुद को उनके परिचितों से जुड़ा व्यक्ति बताकर विश्वास हासिल किया। इसके बाद बहाने से उन्हें बोडतरा रोड स्थित सुनसान इलाके में ले जाया गया, जहां उनके गले से सोने का मंगलसूत्र छीनकर आरोपी फरार हो गए।

घटना की शिकायत मिलने के बाद भाटापारा शहर पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान संदिग्ध गोलू उर्फ अजय ध्रुव की पहचान हुई। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने पूरी साजिश का खुलासा कर दिया।

जांच में पता चला कि पूरी वारदात का मास्टरमाइंड पीड़िता का सगा भतीजा टेकूराम ध्रुव था। उसने अपनी प्रेमिका सरिता निषाद और साथी सागर मरकाम के साथ मिलकर योजना बनाई थी। आरोपियों ने पहले वृद्धा का भरोसा जीता और फिर सुनसान स्थान पर ले जाकर लूट की घटना को अंजाम दिया।

पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 9.980 ग्राम सोने के आभूषण, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1.05 लाख रुपये है, बरामद कर लिए हैं। वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है।

पुलिस के मुताबिक सभी आरोपी रायपुर जिले के तिल्दा-नेवरा क्षेत्र के निवासी हैं। उन्हें न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।