The Duniyadari: दुर्ग- वैशाली नगर थाना पुलिस ने अवैध जुआ संचालन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भिलाई के स्टील नगर कैंप-1 स्थित एक मकान में चल रहे जुआ फड़ का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 10 लोगों को ताश के पत्तों पर हार-जीत का दांव लगाते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। मौके से नकद राशि, ताश की गड्डी और कई मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 6 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सत्य साईं होटल के पास स्थित एक मकान में लंबे समय से जुए का अड्डा संचालित किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस को देखकर कुछ लोग भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन सभी को मौके पर ही पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने जुआ फड़ से 44,100 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश और 9 मोबाइल फोन बरामद किए। जब्त सामग्री को कब्जे में लेकर सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में महेश कुमार, सुरेंद्र प्रसाद, आर. राजू राव, राजेश सोनी, पी. तरुण, के. प्रवीण कुमार, भुजंग राव, मोहम्मद आजाद, चंद्रकला उर्फ बुच्ची और कृष्णा देवी शामिल हैं। पुलिस अब मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
दुर्ग पुलिस ने कहा है कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि यदि कहीं भी इस तरह की गतिविधियों की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।















