Wednesday, July 8, 2026
Home Breaking रायपुर-दुर्ग रेलखंड का डीआरएम ने किया निरीक्षण, मानसून तैयारियों और स्टेशन पुनर्विकास...

रायपुर-दुर्ग रेलखंड का डीआरएम ने किया निरीक्षण, मानसून तैयारियों और स्टेशन पुनर्विकास कार्यों की परखी प्रगति

10

The Duniyadari: Raipur-  दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल में रेल सुरक्षा और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) दयानंद ने मंगलवार को रायगढ़–गोंदिया जनशताब्दी एक्सप्रेस से रायपुर से दुर्ग रेलखंड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ट्रैक, रेल परिचालन और मानसून के मद्देनज़र सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण यात्रा में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अवधेश कुमार त्रिवेदी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और स्टेशन पुनर्विकास परियोजना से जुड़े अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने चलती ट्रेन से रेल अवसंरचना का अवलोकन किया और दुर्ग स्टेशन पहुंचकर चल रहे पुनर्विकास कार्यों की प्रगति का निरीक्षण किया।

डीआरएम ने विशेष रूप से ड्रेनेज सिस्टम की स्थिति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि बारिश के मौसम में प्लेटफॉर्म और रेलवे ट्रैक के आसपास पानी जमा न हो। उन्होंने कहा कि जल निकासी की व्यवस्था प्रभावी होनी चाहिए ताकि रेल संचालन और यात्रियों की आवाजाही प्रभावित न हो।

दुर्ग रेलवे स्टेशन पर पुनर्विकास योजना के तहत हो रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विकास कार्यों के दौरान रेल सेवाओं और यात्री सुविधाओं में किसी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान ओवरहेड वाटर टैंक, पार्सल कार्यालय, बुकिंग कार्यालय, स्टोर-कम-ऑफिस, पार्किंग व्यवस्था, प्रवेश-निकास मार्ग और आरपीएफ पोस्ट सहित विभिन्न सुविधाओं का भी जायजा लिया गया।

अंत में डीआरएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य तय समय सीमा के भीतर गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं तथा यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।