Friday, July 10, 2026
Home Breaking लापता मासूम का नदी किनारे मिला शव, परिवार पर टूटा दुखों का...

लापता मासूम का नदी किनारे मिला शव, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

6

The Duniyadari: KORBA – बालको थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। गुरुवार से लापता दो वर्षीय मासूम का शव शुक्रवार सुबह डेंगूनाला पुल के नीचे नदी किनारे मिलने से पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

मृत बच्चे की पहचान रामपुर बस्ती निवासी केशव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने माता-पिता के साथ मजदूरी के लिए लालघाट क्षेत्र गया था। लौटते समय परिवार डेंगूनाला के पास कुछ देर विश्राम के लिए रुका। इसी दौरान पिता आगे चले गए, जबकि मां बच्चे को दूध पिलाते-पिलाते वहीं बैठी रह गई। कुछ देर के लिए उसकी आंख लग गई और जब वह जागी तो मासूम वहां नहीं था।

परिजनों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन बच्चे का कोई पता नहीं चला। शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों ने पुल के नीचे नदी किनारे एक बच्चे का शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान अपने बेटे के रूप में की।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि खेलते-खेलते मासूम नाले की ओर चला गया और पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। हालांकि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जाएगी। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।