Saturday, July 11, 2026
Home Breaking महतारी वंदन योजना की 29वीं किस्त जारी, 66 लाख से अधिक महिलाओं...

महतारी वंदन योजना की 29वीं किस्त जारी, 66 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में पहुंचे 626.25 करोड़ रुपये

11

The Duniyadari: छत्तीसगढ़ सरकार ने महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की महिलाओं को एक बार फिर आर्थिक सहायता प्रदान की है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार को मुख्यमंत्री निवास से योजना की 29वीं किस्त जारी करते हुए 66 लाख से अधिक पात्र महिलाओं के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से 626.25 करोड़ रुपये की राशि हस्तांतरित की। इस दौरान महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े भी मौजूद रहीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि योजना की शुरुआत से अब तक 29 किस्तों के जरिए कुल 18,805.83 करोड़ रुपये सीधे हितग्राहियों के खातों में भेजे जा चुके हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के विभिन्न जिलों के दौरे के दौरान महिलाओं ने बताया है कि योजना से मिलने वाली राशि का उपयोग वे स्वरोजगार शुरू करने, बच्चों की पढ़ाई, स्वास्थ्य और परिवार की आवश्यक जरूरतों को पूरा करने में कर रही हैं। इससे उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ई-केवाईसी की प्रक्रिया जल्द पूरी कर सभी पात्र महिलाओं तक योजना का लाभ सुनिश्चित किया जाए। विशेष रूप से बस्तर संभाग में इस कार्य को प्राथमिकता देने को कहा गया।

गौरतलब है कि महतारी वंदन योजना 1 मार्च 2024 से लागू है। इसके तहत 21 वर्ष या उससे अधिक आयु की पात्र विवाहित महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में प्रदान की जाती है। यह योजना महिलाओं की आर्थिक सुरक्षा और परिवार के सामाजिक-आर्थिक विकास को मजबूती देने की दिशा में अहम मानी जा रही है।