The Duniyadari: Bilaspur में एक महिला ने रियल एस्टेट कारोबारी पर नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने और अश्लील वीडियो बनाकर महीनों तक ब्लैकमेल करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि महिला ने स्थानीय स्तर पर कार्रवाई नहीं होने पर डाक के जरिए प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) सहित उच्च अधिकारियों को शिकायत भेजी थी, जिसके बाद केस दर्ज हुआ।
शिकायत के अनुसार, महिला की पहचान एक रियल एस्टेट कारोबारी से किराए के मकान के सिलसिले में हुई थी। आरोपी ने एक पुराने कानूनी मामले में मदद दिलाने का भरोसा देकर उसे होटल में बुलाया। वहां कथित तौर पर कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया गया, जिसके बाद महिला के साथ दुष्कर्म कर उसका आपत्तिजनक वीडियो बना लिया गया।
महिला का आरोप है कि वीडियो वायरल करने की धमकी देकर आरोपी ने लंबे समय तक उसका मानसिक और शारीरिक शोषण किया। विरोध करने पर उसे झूठे मामलों में फंसाने, दुकान खाली कराने और अपने प्रभाव का हवाला देकर डराने-धमकाने का भी आरोप लगाया गया है।
पीड़िता के आवेदन के आधार पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं, डिजिटल साक्ष्यों और आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपी फिलहाल बिलासपुर से बाहर बताया जा रहा है।















