The Duniyadari; Raipur के सरोरा क्षेत्र में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। हमले में घायल युवराज सेन को पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर उसे एम्स रायपुर रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
जानकारी के मुताबिक, युवराज सेन का कुछ युवकों से विवाद हुआ था, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। इसी दौरान आरोपियों ने अपने साथियों को भी मौके पर बुला लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, केटीएम बाइक से पहुंचे एक युवक ने युवराज पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले में हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। फरार आरोपियों की तलाश जारी है। प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे आपसी रंजिश की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।















