The Duniyadari: रायगढ़ जिले के पुसौर थाना क्षेत्र से जुड़े चर्चित मामले में नया घटनाक्रम सामने आया है। पति पर प्रताड़ना और नाबालिग बेटे से आपत्तिजनक नारे लगवाने के आरोप लगाने वाली महिला ने अब वीडियो जारी कर अपने पहले दिए गए आरोपों से पीछे हटने की बात कही है। महिला का कहना है कि उसने गुस्से में शिकायत दर्ज कराई थी और अब उसे अपने पति से कोई शिकायत नहीं है।
वीडियो में महिला ने यह भी दावा किया कि बच्चे से नारे लगवाने वाला वीडियो मजाक के तौर पर बनाया गया था और उसका उद्देश्य किसी प्रकार की राष्ट्रविरोधी भावना फैलाना नहीं था। उसने पुलिस अधिकारियों से भी माफी मांगते हुए भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं होने की बात कही।
हालांकि, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच केवल शिकायत वापसी पर निर्भर नहीं है। उपलब्ध साक्ष्यों, गवाहों और अन्य तथ्यों के आधार पर विवेचना जारी है। जांच के दौरान आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर पुलिस अभिरक्षा में लेकर घटनास्थल का निरीक्षण और पूछताछ भी की गई, जिसके बाद उसे फिर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और अंतिम कार्रवाई जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।















