Monday, July 13, 2026
Home Breaking आज से शुरू होगा विधानसभा का मानसून सत्र, कई अहम मुद्दों और...

आज से शुरू होगा विधानसभा का मानसून सत्र, कई अहम मुद्दों और विधेयकों पर होगी चर्चा

4

The Duniyadari: छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र सोमवार से शुरू हो रहा है। सत्र की शुरुआत विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की अध्यक्षता में हुई कार्यमंत्रणा समिति की बैठक के साथ हुई, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत समेत सत्ता और विपक्ष के वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया।

17 जुलाई तक चलने वाले इस सत्र में कुल पांच बैठकें आयोजित की जाएंगी। सरकार विभिन्न विभागों से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज सदन के पटल पर रखेगी, वहीं आठ नए विधेयक भी प्रस्तुत किए जाने की तैयारी है। पहले दिन की कार्यवाही पद्म विभूषण से सम्मानित पंडवानी गायिका तीजन बाई को श्रद्धांजलि अर्पित कर शुरू होगी।

प्रश्नकाल के दौरान मुख्यमंत्री सहित कई मंत्री अपने-अपने विभागों से जुड़े सवालों के जवाब देंगे। इसके अलावा मानवाधिकार आयोग, विद्युत नियामक आयोग और अन्य वार्षिक प्रतिवेदन भी सदन में पेश किए जाएंगे। विपक्ष की ओर से भी पुरातात्विक धरोहरों के संरक्षण और जिला अस्पताल में कथित अनियमितताओं जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाए जाने की संभावना है।

मानसून सत्र के दौरान सरकार और विपक्ष के बीच विभिन्न जनहित एवं विकास से जुड़े विषयों पर व्यापक चर्चा होने की उम्मीद है।