Monday, July 13, 2026
Home Breaking महानदी किनारे महिला का शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका पर...

महानदी किनारे महिला का शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका पर जांच तेज

5

The Duniyadari: Raipur जिले के आरंग थाना क्षेत्र के ग्राम पारागांव में महानदी के किनारे एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान 36 वर्षीय रुक्मणी सोनवानी के रूप में हुई है। शरीर पर मिले चोट के निशानों को देखते हुए पुलिस प्रारंभिक तौर पर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत और हत्या की आशंका के एंगल से जांच कर रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस का कहना है कि मौके से मिले सुरागों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी। वहीं पुलिस मृतका के परिजनों, परिचितों और ग्रामीणों से पूछताछ कर उसकी गतिविधियों और आखिरी बार किसके साथ देखे जाने की जानकारी जुटा रही है।

फिलहाल आरंग पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।