Saturday, July 18, 2026
Home Breaking एक ही घर से पांच शव मिलने से सनसनी, कर्ज के दबाव...

एक ही घर से पांच शव मिलने से सनसनी, कर्ज के दबाव समेत कई पहलुओं पर पुलिस की जांच

3

The Duniyadari: रायपुर- राजधानी के टिकरापारा थाना क्षेत्र के संजय नगर में एक मकान से एक ही परिवार के पांच लोगों के शव मिलने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी सामने आते ही पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार, मृतकों में 45 वर्षीय शाहिद उर्फ सज्जू, उनकी पत्नी राबिया, 19 वर्षीय बेटा इरशाद अली और दो बेटियां शाहिदा (17) व इरशाबा बेगम (16) शामिल हैं। परिवार पिछले करीब आठ महीने से संजय नगर स्थित एक मकान में किराए पर रह रहा था।

बताया जा रहा है कि शाहिद पुरानी बैटरियों की खरीद-बिक्री और रिपेयरिंग का काम करते थे। परिवार आर्थिक परेशानियों से जूझ रहा था और बैंक की किश्तों के साथ निजी कर्ज का दबाव भी बढ़ता जा रहा था। पुलिस को प्रारंभिक जांच में आर्थिक तनाव से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण तथ्य मिले हैं, हालांकि घटना की वास्तविक वजह अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हुई है।

पुलिस इस मामले में कर्ज और कथित वसूली के दबाव समेत कई पहलुओं से जांच कर रही है। इसी क्रम में एक व्यक्ति मुन्ना ठाकुर से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मृतक परिवार पर किसी प्रकार का आर्थिक या अन्य दबाव था या नहीं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मकान को सुरक्षित कर जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम की मदद से मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस आसपास के लोगों और परिचितों से भी पूछताछ कर रही है।

फिलहाल पांचों मौतों की परिस्थितियों को लेकर जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और पूछताछ के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।