The Duniyadari: दुर्ग- भिलाई में देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद हाईवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान श्याम राव के रूप में हुई है, जो भिलाई स्टील प्लांट में ठेका कर्मचारी के तौर पर काम करते थे। बताया जा रहा है कि वह दो अन्य लोगों के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर मरोदा स्थित ससुराल से खुर्सीपार स्थित अपने घर की ओर जा रहे थे।
इसी दौरान सेंट्रल एवेन्यू के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार हाईवा ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद श्याम राव सड़क पर गिर गए और हाईवा उन्हें काफी दूर तक घसीटता हुआ ले गया। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में बाइक सवार दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं। सूचना मिलते ही भिलाई नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। मृतक के शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
बताया जा रहा है कि श्याम राव नाइट शिफ्ट की ड्यूटी के लिए निकल रहे थे, लेकिन रास्ते में ही हादसे ने उनकी जान ले ली। घटना के बाद हाईवा चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।















