Monday, August 3, 2026
Home Breaking स्पाइडर-मैन फिल्म के दौरान टॉकीज में बवाल, दो गुटों में जमकर मारपीट

स्पाइडर-मैन फिल्म के दौरान टॉकीज में बवाल, दो गुटों में जमकर मारपीट

9

The Duniyadari: जगदलपुर–  हॉलीवुड फिल्म स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे के प्रदर्शन के दौरान झंकार टॉकीज में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब युवाओं के दो समूह आपस में भिड़ गए। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया और सिनेमाघर परिसर रणक्षेत्र बन गया।

जानकारी के मुताबिक, फिल्म देखने के लिए बड़ी संख्या में युवक थिएटर पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच बहस शुरू हुई, जो कुछ ही देर में हाथापाई तक पहुंच गई। गुस्साए युवकों ने एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाए और परिसर में रखी कुर्सियां व अन्य सामान भी फेंके गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, झगड़े के दौरान एक युवक पर हथौड़े से हमला किया गया, जिससे उसके सिर पर गंभीर चोट आई। घायल को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसके सिर में छह टांके लगाए। फिलहाल उसका उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक कई आरोपी वहां से फरार हो चुके थे। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अब सिनेमाघर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो के आधार पर मारपीट में शामिल युवकों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही विवाद की असली वजह और इसमें शामिल लोगों की संख्या का भी पता लगाया जा रहा है।

सार्वजनिक स्थान पर हुई इस घटना के बाद शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई है। पुलिस ने लोगों से किसी भी विवाद की स्थिति में संयम बरतने और तुरंत प्रशासन को सूचना देने की अपील की है।