Monday, August 10, 2026
Home Breaking कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस की बड़ी समीक्षा बैठक, लंबित मामलों पर...

कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस की बड़ी समीक्षा बैठक, लंबित मामलों पर एसपी ने दिए सख्त निर्देश

8

The Duniyadari: कोंडागांव-  जिले में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा ने जिला पुलिस कार्यालय में अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में जिले के राजपत्रित पुलिस अधिकारी, एसडीओपी, थाना एवं चौकी प्रभारी सहित विभिन्न शाखाओं के अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में पुलिस अधीक्षक ने थाना स्तर पर दर्ज अपराधों, लंबित प्रकरणों, शिकायतों और विवेचनाओं की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम नागरिकों की शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए उनका समयसीमा के भीतर निष्पक्ष और प्रभावी निराकरण किया जाए।

एसपी ने गंभीर एवं पुराने लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने को कहा। उन्होंने विवेचना में जरूरी साक्ष्य जुटाने, आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई पूरी करने और समय पर न्यायालय में चालान पेश करने पर जोर दिया। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी तथा लंबित समन और वारंट की तामिली को लेकर भी अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए गए।

बैठक में आदतन अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर निगरानी बढ़ाने के साथ थाना क्षेत्रों में रात्रि गश्त और विजिबल पुलिसिंग मजबूत करने पर चर्चा हुई। सीमावर्ती इलाकों में चेकिंग बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

सोशल मीडिया और साइबर अपराध पर भी नजर

बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने ऑनलाइन ठगी, डिजिटल फ्रॉड और बैंकिंग संबंधी धोखाधड़ी से बचाव के लिए जनजागरूकता अभियान तेज करने को कहा। साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाह या भ्रामक जानकारी फैलाकर कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों की निगरानी और नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।

यातायात और जनसंवाद को प्राथमिकता

सड़क सुरक्षा को लेकर लोगों को हेलमेट, सीट बेल्ट और यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया गया। इसके अलावा पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय के लिए गांवों और स्थानीय स्तर पर जनसंवाद कार्यक्रम बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

एसपी पंकज चन्द्रा ने पुलिसकर्मियों को फरियादियों के साथ सम्मानजनक और संवेदनशील व्यवहार करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली में तेजी, पारदर्शिता और जिम्मेदारी से ही जनता का विश्वास मजबूत होगा।

बैठक के दौरान अभियोजन अधिकारियों के साथ समन्वय बेहतर कर न्यायालय में मामलों की प्रभावी पैरवी और दोषसिद्धि दर बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। अंत में एसपी ने सभी अधिकारियों को अनुशासन और जनसेवा की भावना के साथ सक्रिय रहकर अपराधों की रोकथाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।