Monday, August 17, 2026
Home कोरबा जनदर्शन में पहुंचे 61 आवेदन, कलेक्टर ने अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण...

जनदर्शन में पहुंचे 61 आवेदन, कलेक्टर ने अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण के दिए निर्देश

5

The Duniyadari: कोरबा, 17 अगस्त 2026। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने नागरिकों से प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभागों तक भेजते हुए प्रत्येक मामले की गंभीरता से जांच कर नियमानुसार समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश अधिकारियों को दिए।

जनदर्शन के दौरान कुल 61 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना, शिक्षक भर्ती, जमीन संबंधी विवाद, बंटवारा, सीमांकन, शासकीय भूमि, राशन कार्ड, दिव्यांगजनों के लिए उपकरण, रोजगार, युक्तियुक्तकरण, विद्युत व्यवस्था, कॉलेज फीस, स्कूलों में बाउंड्रीवॉल निर्माण तथा डीएमएफ से जुड़े निर्माण कार्यों समेत कई विषय शामिल रहे।

कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि आवेदनों की जांच केवल औपचारिकता के तौर पर न की जाए, बल्कि प्रत्येक प्रकरण का जिम्मेदारी से परीक्षण कर पात्र लोगों को शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ दिलाया जाए। उन्होंने पुराने और लंबित मामलों को प्राथमिकता के साथ निपटाने तथा आवेदकों को उनके आवेदन पर हुई कार्रवाई की जानकारी देने के निर्देश भी दिए।

युक्तियुक्तकरण से जुड़े मामलों पर भी हुई चर्चा

जनदर्शन में युक्तियुक्तकरण को लेकर मिले आवेदनों पर कलेक्टर ने बताया कि यह प्रक्रिया शासन द्वारा तय नियमों के अनुसार पूरी की गई है। उन्होंने कहा कि निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित प्रकरण को राज्य स्तरीय समिति के समक्ष रखा जा सकता है। अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, ज्वाइनिंग नहीं करने की स्थिति में नियमों के मुताबिक कार्रवाई की बात कही गई।

कलेक्टर ने समाज कल्याण विभाग को जरूरत के अनुसार शिविर लगाने और ऐसे शिविरों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को विभागीय योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश भी दिए।

जनदर्शन में अपर कलेक्टर ओंकार यादव सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।