The Duniyadari: बिलासपुर। चकरभाठा थाना क्षेत्र में जुए के एक बड़े अड्डे का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। सुनसान इलाके में अरपा नदी के किनारे तिरपाल और टेंट लगाकर जुआ खिलाया जा रहा था। पुलिस को इसकी सूचना मिलते ही ऐसी रणनीति बनाई गई कि जुआरियों को कार्रवाई की भनक तक नहीं लगी। पुलिसकर्मी ग्रामीण और किसान का वेश धारण कर मौके पर पहुंचे और जुए के फड़ को चारों ओर से घेर लिया।
पुलिस की अचानक कार्रवाई से मौके पर भगदड़ मच गई। कई जुआरी भागने में कामयाब रहे, जबकि चार लोगों को पुलिस ने पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों में मलेश साहू, संदीप भारद्वाज, साहिल घोषले और चंद्रप्रकाश भार्गव शामिल हैं।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 15,730 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश, तिरपाल, एक बाइक और चार स्मार्टफोन बरामद किए। जब्त सामान की कुल कीमत 95,730 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से अपने ठिकाने बदल-बदलकर जुए का फड़ संचालित कर रहे थे। सुनसान स्थानों पर टेंट लगाकर जुआ खिलाया जाता था, ताकि पुलिस की नजर से बचा जा सके। सूचना की पुष्टि के बाद थाना प्रभारी भावेश शेंडे के नेतृत्व में टीम ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी।
मामले में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) और बीएनएस की धारा 112 के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपियों को बिल्हा न्यायालय में पेश किया गया, जबकि फरार आरोपियों की तलाश जारी है।



































