The Duniyadari: कोरबा। कुसमुंडा थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में पिता-पुत्र की जान चली गई, जबकि बाइक सवार एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा खोडरी मोड़ के पास उस वक्त हुआ, जब बाइक और स्कॉर्पियो की आमने-सामने टक्कर हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
गेवरा की ओर जा रहे थे तीनों बाइक सवार
मिली जानकारी के मुताबिक, सराइसिंगार निवासी फूल सिंह, उनके पुत्र नरसिंह सिंह और यशवंत सिंह बाइक से सराइसिंगार से गेवरा की तरफ जा रहे थे। खोडरी मोड़ के पास सामने से आ रही स्कॉर्पियो से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर एक की मौत, इलाज के दौरान दूसरे ने तोड़ा दम
दुर्घटना में फूल सिंह ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं गंभीर अवस्था में अस्पताल ले जाए गए उनके पुत्र नरसिंह सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस हादसे में यशवंत सिंह भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे डायल-112 की सहायता से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। उसका उपचार जारी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलने के बाद कुसमुंडा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का आवश्यक पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना किस वजह से हुई और इसमें किसकी लापरवाही रही, इसकी जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।
गांव में पसरा मातम
एक ही परिवार के पिता-पुत्र की मौत की खबर से सराइसिंगार गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे ने परिवार को गहरा सदमा दिया है और गांव में भी मातम का माहौल है।



































