Friday, September 25, 2026
Home दुर्ग जरूरतमंदों को बनाया निशाना, फाइनेंस के सामान को बेचकर कमाते थे मुनाफा;...

जरूरतमंदों को बनाया निशाना, फाइनेंस के सामान को बेचकर कमाते थे मुनाफा; दो आरोपी गिरफ्तार

19

The Duniyadari: दुर्ग। जिले में धोखाधड़ी के एक मामले की जांच करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी आर्थिक परेशानी से जूझ रहे लोगों को मदद का भरोसा दिलाकर उनके दस्तावेजों के जरिए वाहन और अन्य सामान फाइनेंस करवाते थे। बाद में फाइनेंस कराए गए सामान को कम कीमत पर बेचकर रकम आपस में बांट लेते थे।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार भिलाई नगर निवासी मनीष डहेरवाल की शिकायत पर 21 सितंबर 2026 को प्रकरण दर्ज किया गया था। जांच के दौरान जसमीत सिंह और भोजराज राय की भूमिका सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

जांच में सामने आया कि आरोपी पीड़ितों को यह विश्वास दिलाते थे कि फाइनेंस की शुरुआती राशि और आगे की किस्तों का भुगतान वे स्वयं करेंगे। इस भरोसे पर लोगों के नाम से वाहन समेत अन्य वस्तुएं खरीदी जाती थीं। इसके बाद इन सामानों को कम दाम में बेचकर रकम का इस्तेमाल अपने फायदे के लिए किया जाता था।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 10 लाख रुपये मूल्य की 9 संपत्तियां बरामद की हैं। बरामद सामान में 8 वाहन और एक वॉशिंग मशीन शामिल बताई गई है।

एएसपी मणिशंकर चंद्रा के मुताबिक मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस तरीके से कितने लोगों को ठगी का शिकार बनाया गया और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। शेष सामान की बरामदगी और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है।