Saturday, September 26, 2026
Home अभनपुर महानदी में बहकर आई शराब, बोतलें लूटने पुल पर उमड़ी भीड़; जान...

महानदी में बहकर आई शराब, बोतलें लूटने पुल पर उमड़ी भीड़; जान जोखिम में डालकर करते रहे पकड़ने की कोशिश

6
Screenshot

The Duniyadari: अभनपुर। महानदी में बाढ़ के बीच शराब की बोतलों को लेकर ऐसा नजारा सामने आया, जिसने लोगों को हैरान कर दिया। नदी के तेज बहाव में प्लास्टिक की बोतलों में भरी शराब बहकर गोबरा नवापारा की ओर पहुंचने की सूचना मिलते ही सोमवारी बाजार पुल पर लोगों का जमावड़ा लग गया। देखते ही देखते पुल पर बोतलें पकड़ने की होड़ मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, धमतरी की ओर से बहकर आ रही शराब की बोतलों को निकालने के लिए लोग तरह-तरह के तरीके अपनाते दिखाई दिए। किसी ने बांस में जाली बांधकर नदी में डाल दी, तो कोई पुल और नदी किनारे खड़े होकर बोतलों को पकड़ने की कोशिश करता रहा। इस दौरान कई लोग तेज बहाव के बेहद करीब पहुंच गए।

Screenshot

रायपुर और धमतरी जिले को जोड़ने वाले सोमवारी बाजार पुल पर काफी देर तक लोगों की भीड़ बनी रही। शराब की बोतलों को हासिल करने की चाह में कुछ लोग पुल के ऊपर चढ़कर भी उन्हें निकालने का प्रयास करते नजर आए।

महानदी का जलस्तर बढ़ने और पानी की रफ्तार तेज होने के बावजूद लोगों का जोखिम उठाना चर्चा का विषय बना रहा।
शराब की बोतलों के चक्कर में खतरे से खिलवाड़
महानदी में आई बाढ़ के बीच इस तरह नदी के नजदीक जाना गंभीर हादसे को न्योता दे सकता है। तेज धार में संतुलन बिगड़ने या पैर फिसलने पर जान बचाना मुश्किल हो सकता है। इसके बावजूद बोतलें पकड़ने के लिए लोगों का पानी के करीब पहुंचना चिंता बढ़ाने वाला है।

बाढ़ के हालात को देखते हुए नदी, पुल और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। थोड़ी सी असावधानी भी बड़े हादसे में बदल सकती है। प्रशासन की ओर से भी लोगों को ऐसे खतरनाक स्थानों से दूर रहने और अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की जा रही है।