Sunday, September 27, 2026
Home बलोदाबाज़र गणेश विसर्जन की झांकी पर लाठीचार्ज के आरोप से भड़का आक्रोश, सिमगा...

गणेश विसर्जन की झांकी पर लाठीचार्ज के आरोप से भड़का आक्रोश, सिमगा में चक्काजाम और बंद

6

The Duniyadari: बलौदाबाजार। सिमगा में गणेश विसर्जन के दौरान सामने आए विवाद ने रविवार को तूल पकड़ लिया। शनिवार रात झांकी के दौरान पुलिस द्वारा कथित लाठीचार्ज किए जाने के विरोध में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक सड़क पर उतर आए। सुबह से ही नेशनल हाईवे-130 पर प्रदर्शन शुरू होने से यातायात प्रभावित हुआ।

घटना के विरोध में सिमगा बंद का आह्वान भी किया गया है। इसके चलते शहर में सुबह से ही अधिकांश व्यापारिक प्रतिष्ठानों के शटर बंद नजर आए। जय स्तंभ चौक पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र होकर धरना दे रहे हैं। प्रदर्शन में कांग्रेस, भाजपा समेत अन्य राजनीतिक दलों से जुड़े प्रतिनिधि भी शामिल हैं।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि गणेश विसर्जन के दौरान पुलिस की कार्रवाई से लोगों में नाराजगी है। आंदोलनकारियों ने मामले में जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग उठाई है।

धरनास्थल से प्रमुख मांग के रूप में भाटापारा एसडीओपी, सिमगा थाना प्रभारी और कथित लाठीचार्ज में शामिल पुलिसकर्मियों को निलंबित करने की मांग की जा रही है। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक संबंधित पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

फिलहाल सिमगा में चक्काजाम और धरने को लेकर प्रशासन तथा पुलिस की स्थिति पर नजर बनी हुई है।