Tuesday, September 29, 2026
Home कोरबा विश्व हृदय दिवस पर कोरबा में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 63 मरीजों की...

विश्व हृदय दिवस पर कोरबा में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 63 मरीजों की हुई जांच और उपचार

7

The Duniyadari :निहारिका रोड स्थित शिविर में ईसीजी, ब्लड प्रेशर और शुगर की निःशुल्क जांच; हृदय की देखभाल और सीपीआर प्रशिक्षण के जरिए लोगों को किया गया जागरूक

कोरबा। विश्व हृदय दिवस के अवसर पर 29 सितंबर को कोरबा के निहारिका रोड स्थित महानदी कॉम्प्लेक्स में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। स्वस्थ भारत समृद्ध भारत अभियान के अंतर्गत चलो आयुर्वेद की ओर मिशन के तहत आयोजित इस शिविर में 63 मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार का लाभ मिला। शिविर में हृदय रोगों के साथ विभिन्न सामान्य, कष्टसाध्य एवं असाध्य रोगों के लिए आयुर्वेद, नेचुरोपैथी, पंचकर्म, षटकर्म और योग चिकित्सा संबंधी परामर्श दिया गया।

आयुष मेडिकल एसोसिएशन, लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट, आरोग्य भारती, भारत विकास परिषद और विश्व हिंदू परिषद के संयुक्त तत्वावधान में पतंजलि चिकित्सालय एवं श्री शिव औषधालय, दुकान क्रमांक 10-11, महानदी कॉम्प्लेक्स में शिविर लगाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता और आयुर्वेद के प्रवर्तक भगवान धन्वंतरि के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई।

संस्थान के प्रमुख चिकित्सक नाड़ी वैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने लोगों को हृदय की नियमित देखभाल और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि हृदय को स्वस्थ और स्वच्छ रखने के लिए उसकी उचित देखभाल जरूरी है। जब हम अपने हृदय का ध्यान रखेंगे, तभी स्वस्थ जीवन की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे।

शिविर में मरीजों की निःशुल्क ईसीजी जांच की गई। इसके साथ ही उच्च रक्तचाप और मधुमेह की जांच कर मरीजों को इनके नियंत्रण एवं उपचार से संबंधित परामर्श दिया गया। आयोजकों के अनुसार, शिविर में परीक्षित औषधियों और अर्जुन टैबलेट का निःशुल्क वितरण भी किया गया। हृदय रोगियों को अर्जुन क्षीर क्वाथ पिलाने के साथ स्वास्थ्य संबंधी उपयोगी पुस्तिकाएं भी वितरित की गईं।

सीपीआर प्रशिक्षण से दी जीवन बचाने की जानकारी
अचानक हृदय गति रुकने की स्थिति में जीवन बचाने के उद्देश्य से शिविर में सीपीआर थेरेपी और सावित्री आसन के संबंध में जानकारी एवं प्रशिक्षण दिया गया। चलो आयुर्वेद की ओर मिशन के सदस्य नेत्र नंदन साहू ने उपस्थित लोगों को आपातकालीन परिस्थितियों में सीपीआर के महत्व से अवगत कराया।

चिकित्सकों ने मरीजों को खानपान, दिनचर्या और जीवनशैली में सुधार के संबंध में भी जानकारी दी, ताकि हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।
इनकी रही सहभागिता

शिविर में नाड़ी वैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा, पंचकर्म थेरेपिस्ट पिंकी बरेठ एवं शैल कुमारी निषाद, लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट के निदेशक लायन शिव जायसवाल, सचिव लायन प्रत्युष सक्सेना और कोषाध्यक्ष लायन सुधीर सक्सेना सहित अरुण मानिकपुरी, कमल धारिया, नेत्र नंदन साहू, अश्वनी बुनकर, मनीष कौशिक, कुश गुप्ता, तोरेंद्र सिंह, देवबलि कुंभकार, सिद्धराम शाहनी, अनुराग कंवर, गुनगुन राठिया एवं श्री शिव औषधालय की संचालिका श्रीमती प्रतिभा शर्मा उपस्थित रहीं। सभी ने शिविर के आयोजन और मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में योगदान दिया।