Wednesday, October 21, 2026
Home कोरबा कोरबा में दशहरा उत्सव के दौरान खूनी संघर्ष, 22 वर्षीय राहुल की...

कोरबा में दशहरा उत्सव के दौरान खूनी संघर्ष, 22 वर्षीय राहुल की हत्या; तीन आरोपी गिरफ्तार

6

The Duniyadari: मुड़ापार मैदान में डीजे पर नाचने को लेकर शुरू हुआ विवाद जानलेवा हमले में बदला, एक अन्य आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा में दशहरा उत्सव के दौरान हुई हत्या की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। मुड़ापार दशहरा मैदान में डीजे पर डांस करने को लेकर हुए विवाद में 22 वर्षीय राहुल कुमार, जिसे गोल्डन के नाम से भी जाना जाता था, की जान चली गई। पुलिस के अनुसार, विवाद के बाद युवक पर धारदार हथियार से हमला किया गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना मानिकपुर चौकी क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, दशहरा कार्यक्रम के दौरान डांस को लेकर राहुल और बिट्टू चौहान के बीच कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि धक्का-मुक्की और मारपीट की नौबत आ गई। बीच-बचाव के दौरान विजय चौहान के साथ भी मारपीट होने की बात सामने आई है। इसके बाद मामला और गंभीर हो गया।

मैदान के पीछे गली में किया हमला

पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार, विवाद के बाद बिट्टू चौहान, विजय चौहान, सीपू चौहान और उनके एक अन्य साथी पर राहुल को मैदान के पीछे की गली में ले जाकर हमला करने का आरोप है। हमले में युवक को गंभीर चोटें आईं। उसे बचाने के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। घटना की खबर फैलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

तीन आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों बिट्टू चौहान, विजय चौहान और सीपू चौहान को गिरफ्तार कर लिया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार भी जब्त किया गया है। मामले में शामिल बताए जा रहे चौथे आरोपी की तलाश की जा रही है।

आरोपियों का अर्धमुंडन कर निकाला गया जुलूस

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों का अर्धमुंडन कर जुलूस भी निकाला। दशहरा जैसे सार्वजनिक आयोजन के दौरान हुई इस वारदात ने उत्सव स्थलों पर सुरक्षा और विवादों पर समय रहते नियंत्रण की जरूरत को फिर सामने ला दिया है। डांस को लेकर शुरू हुआ विवाद एक युवक की मौत तक पहुंच गया, जिससे मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।