Sunday, October 25, 2026
Home छत्तीसगढ़ 27 अक्टूबर को साय कैबिनेट की बैठक, धान खरीदी और राज्योत्सव पर...

27 अक्टूबर को साय कैबिनेट की बैठक, धान खरीदी और राज्योत्सव पर टिकी निगाहें

6

The Duniyadari: रायपुर। छत्तीसगढ़ में आगामी 27 अक्टूबर को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में मंत्रिपरिषद की बैठक प्रस्तावित है। नवा रायपुर स्थित महानदी भवन मंत्रालय में सुबह 11:30 बजे से होने वाली इस बैठक को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हैं। आगामी धान खरीदी सत्र और राज्योत्सव की तैयारियों के बीच सरकार के संभावित फैसलों पर सबकी नजर रहेगी। कर्मचारी संगठनों की मांगों को लेकर भी निर्णय होने की उम्मीद जताई जा रही है, हालांकि बैठक का आधिकारिक एजेंडा अभी सार्वजनिक नहीं हुआ है।

इससे पहले 11 अक्टूबर को हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में पूर्व अग्निवीरों को राज्य की सेवाओं में अवसर देने की दिशा में अहम कदम उठाया गया था। सरकार ने गृह विभाग में आरक्षक के 36 रिक्त पदों पर पूर्व अग्निवीरों की भर्ती की अनुमति दी थी। इससे पहले ही इन पदों पर पूर्व अग्निवीरों के लिए श्रेणीवार 10 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया जा चुका है।

पिछली बैठक में प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़े एक अन्य प्रस्ताव को भी मंजूरी मिली थी। इसके अंतर्गत ‘आदिम जाति विकास विभाग’ का नाम बदलकर ‘जनजातीय कार्य विभाग’ करने के लिए छत्तीसगढ़ शासन कार्य (आवंटन) नियम में संशोधन को स्वीकृति दी गई थी।

अब 27 अक्टूबर को होने वाली बैठक में सरकार किन प्रस्तावों पर मुहर लगाती है, इसका खुलासा बैठक के बाद ही होगा। बैठक समाप्त होने पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव मंत्रिपरिषद के प्रमुख निर्णयों की जानकारी मीडिया के साथ साझा करेंगे।