Thursday, October 29, 2026
Home रायपुर छत्तीसगढ़ में भाजपा के दिग्गजों का जमावड़ा, नड्डा से शिवराज तक संभालेंगे...

छत्तीसगढ़ में भाजपा के दिग्गजों का जमावड़ा, नड्डा से शिवराज तक संभालेंगे मोर्चा

4

The Duniyadari: रायपुर-दुर्ग में जनसभा और पदयात्रा के जरिए पार्टी अभियान को मिलेगी रफ्तार, तीन राष्ट्रीय नेताओं के दौरे से गरमाएगा सियासी माहौल

रायपुर। छत्तीसगढ़ में भाजपा की राजनीतिक गतिविधियां आने वाले दिनों में और तेज होने वाली हैं। पार्टी के तीन प्रमुख राष्ट्रीय नेता जेपी नड्डा, शिवराज सिंह चौहान और डॉ. सुधांशु त्रिवेदी अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए प्रदेश पहुंच रहे हैं। रायपुर और दुर्ग में होने वाले इन आयोजनों में जनसभा, पदयात्रा और अन्य गतिविधियों के माध्यम से भाजपा अपने राजनीतिक अभियान को आगे बढ़ाएगी।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा 30 अक्टूबर को दोपहर करीब एक बजे रायपुर पहुंचेंगे। राजधानी में मुख्यमंत्री निवास जाने के बाद वे दुर्ग रवाना होंगे। यहां महेश कॉलोनी, पुलगांव में आयोजित जनसभा में हिस्सा लेंगे। इसके बाद शाम चार बजे महेश कॉलोनी से गंजपारा चौक तक प्रस्तावित पदयात्रा में शामिल होंगे। यह आयोजन भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान का हिस्सा है।

वहीं, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का रायपुर आगमन 30 अक्टूबर की शाम सात बजे निर्धारित है। अगले दिन वे आईसीएआर-नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ बायोटिक स्ट्रेस मैनेजमेंट में आयोजित खेत बचाओ अभियान और पौधरोपण कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके बाद राजधानी में नेताजी सुभाष स्टेडियम से तेलीबांधा मरीन ड्राइव तक होने वाली पदयात्रा में शामिल होंगे।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी भी 30 अक्टूबर को रायपुर पहुंचेंगे। उनके प्रवास के दौरान राजधानी में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने का कार्यक्रम प्रस्तावित है।

तीन राष्ट्रीय नेताओं के एक साथ छत्तीसगढ़ दौरे को भाजपा के संगठनात्मक और राजनीतिक कार्यक्रमों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। रायपुर और दुर्ग में होने वाले आयोजनों के जरिए पार्टी अपने अभियान को जनता तक पहुंचाने की कोशिश करेगी।