Friday, November 20, 2026
Home छत्तीसगढ़ मतदाता सूची में बदलाव को लेकर सियासी घमासान, भूपेश बघेल ने दी...

मतदाता सूची में बदलाव को लेकर सियासी घमासान, भूपेश बघेल ने दी हाईकोर्ट जाने की चेतावनी

65

The Duniyadari: दुर्ग। छत्तीसगढ़ में एसआईआर के तहत मतदाता सूची के पुनरीक्षण को लेकर राजनीतिक विवाद गहराता नजर आ रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दुर्ग जिले के नगरीय निकायों में मतदाताओं के वार्ड परिवर्तन को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि प्रारंभिक मतदाता सूची में बड़ी संख्या में लोगों के नाम दूसरे वार्डों में दर्ज कर दिए गए हैं।

गुरुवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में बघेल ने भिलाई, रिसाली, भिलाई-चरोदा नगर निगम और जामुल नगर पालिका की मतदाता सूची से जुड़े आंकड़े सामने रखे। उन्होंने दावा किया कि भिलाई नगर निगम के अलग-अलग वार्डों में सैकड़ों मतदाताओं के नाम एक वार्ड से दूसरे वार्ड में स्थानांतरित हुए हैं। इनमें वार्ड 9 से 10 में 721 और वार्ड 9 से 11 में 556 मतदाताओं के नाम बदले जाने का मामला प्रमुखता से उठाया गया।

इसी तरह रिसाली में वार्ड 26 से 31 तक 416, वार्ड 25 से 24 में 358 और वार्ड 3 से 4 में 250 मतदाताओं के स्थानांतरण पर सवाल उठाए गए। भिलाई-चरोदा में भी वार्ड 22 से 23 में 304 तथा वार्ड 2 से 3 में 202 मतदाताओं के नाम बदले जाने का दावा किया गया। जामुल में वार्ड 20 से 19 में 196 मतदाताओं के स्थानांतरण का मुद्दा भी उठाया गया।

भूपेश बघेल ने कहा कि मतदाता सूची में इस तरह के बदलावों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि किसी भी मतदाता को अपने मताधिकार के इस्तेमाल में परेशानी न हो। फिलहाल 30 अक्टूबर तक मतदाता सूची पर आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समय में आपत्तियों का उचित निराकरण नहीं किया गया तो कांग्रेस इस मामले को लेकर हाईकोर्ट जाएगी।