Friday, November 6, 2026
Home जांजगीर-चांपा भूपेश बघेल ने नवागढ़ में भरी हुंकार, दो साल बाद कांग्रेस की...

भूपेश बघेल ने नवागढ़ में भरी हुंकार, दो साल बाद कांग्रेस की सत्ता में वापसी का किया दावा

3

The Duniyadari: शहीद राजेंद्र कश्यप की प्रतिमा का किया अनावरण, बीजेपी सरकार पर लगाए कई आरोप; नवागढ़ में स्थायी एसडीएम कार्यालय खोलने का भी उठा मुद्दा।

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल गुरुवार को जांजगीर-चांपा जिले के दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पामगढ़ और जांजगीर-चांपा विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। उनके दौरे का प्रमुख आकर्षण नवागढ़ में शहीद राजेंद्र कश्यप की प्रतिमा का अनावरण रहा।

इस कार्यक्रम में पहुंचने में भूपेश बघेल को निर्धारित समय से करीब तीन घंटे अधिक लग गए। उनके स्वागत के लिए राछाभांठा में कांग्रेस के अलग-अलग गुटों के नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। स्वागत के बाद जिलाध्यक्ष वापस लौट गए, जबकि विधायक ब्यास कश्यप ने स्वयं कार्यक्रम की अगुवाई करते हुए उन्हें नवागढ़ पहुंचाया।

कार्यक्रम के दौरान विधायक ब्यास कश्यप ने कांग्रेस को दोबारा सत्ता में लाने का संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने नवागढ़ में स्थायी एसडीएम कार्यालय की स्थापना की मांग भी पूर्व मुख्यमंत्री के सामने रखी। इस पर भूपेश बघेल ने आश्वासन दिया कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर नवागढ़ को अनुविभागीय कार्यालय की सौगात दी जाएगी।

बीजेपी सरकार को घेरा, SIR पर भी उठाए सवाल

अपने संबोधन में भूपेश बघेल ने प्रदेश की बीजेपी सरकार के कामकाज पर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में किसानों, युवाओं और छत्तीसगढ़ की जनता से जुड़े मुद्दों की अनदेखी हो रही है।

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर भी उन्होंने गंभीर आरोप लगाए। बघेल ने कहा कि इस प्रक्रिया के जरिए मतदाताओं के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने चुनाव आयोग और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी मतदाता सूची में गड़बड़ियों को लेकर सवाल उठाए।