Wednesday, October 28, 2026
Home जांजगीर-चांपा जमीन विवाद में बीच-बचाव करने पहुंचे बुजुर्ग की मौत, धक्का देने के...

जमीन विवाद में बीच-बचाव करने पहुंचे बुजुर्ग की मौत, धक्का देने के आरोप में युवक गिरफ्तार

35

The Duniyadari: जांजगीर-चांपा। जिले के उच्चभट्ठी गांव में जमीन को लेकर चल रहा विवाद उस वक्त गंभीर हो गया, जब दो पक्षों के बीच हो रहे झगड़े में समझाइश देने पहुंचे एक बुजुर्ग की जान चली गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, राजकिरण यादव किसी पारिवारिक जमीन विवाद को लेकर अपने बड़े पिता के घर पहुंचा था। वहां रमेश कुमार के साथ उसकी कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच मारपीट की स्थिति बन गई। आरोप है कि इसी दौरान राजकिरण ने रमेश के साथ गाली-गलौज करते हुए उसे जान से खत्म करने की धमकी दी और ब्लेड से हमला करने की कोशिश की।

झगड़े की जानकारी होने पर रमेश के पिता लोचन प्रसाद यादव मौके पर पहुंचे और दोनों को अलग करने का प्रयास किया। इसी दौरान कथित तौर पर राजकिरण ने लोचन प्रसाद को धक्का दे दिया। धक्का लगने से बुजुर्ग जमीन पर गिर पड़े। उन्हें संभालने की कोशिश की गई, लेकिन उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही चांपा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और घटना से जुड़े लोगों के बयान दर्ज किए। जांच के आधार पर पुलिस ने राजकिरण यादव के खिलाफ बीएनएस की धारा 105, 296, 351(3) और 333 के तहत मामला दर्ज किया।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। एडिशनल एसपी डॉ. यूलैंडन यार्क ने मामले की पुष्टि की है। फिलहाल पुलिस घटना के अन्य पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।