Wednesday, October 7, 2026
Home रामानुजनगर स्मार्ट क्लास में अचानक टूट पड़ा मक्खियों का झुंड, 10 छात्र-स्टाफ घायल;...

स्मार्ट क्लास में अचानक टूट पड़ा मक्खियों का झुंड, 10 छात्र-स्टाफ घायल; तीन छात्राओं को किया गया रेफर

11

The Duniyadari: रामानुजगंज। बलरामपुर जिले के ग्राम विजयनगर स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल में सोमवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब स्मार्ट क्लास में पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों पर अचानक बड़ी संख्या में मक्खियों ने हमला कर दिया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से कक्षा में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। हमले में करीब 10 विद्यार्थी और स्कूल के दो कर्मचारी घायल बताए जा रहे हैं।

बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 2 बजे स्मार्ट क्लास रूम में विद्यार्थी ड्राइंग की गतिविधि में व्यस्त थे। इसी दौरान कमरे में कुछ मक्खियां दिखाई दीं। देखते ही देखते इनकी संख्या बढ़ गई और झुंड ने कक्षा में मौजूद बच्चों को काटना शुरू कर दिया। विद्यार्थियों के साथ वहां मौजूद व्याख्याता और प्यून भी इसकी चपेट में आ गए।

मक्खियों के अचानक हमले से बच्चे घबरा गए और अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। स्कूल स्टाफ ने किसी तरह स्थिति संभाली और प्रभावित विद्यार्थियों को बाहर निकाला।

अस्पताल में कराया गया उपचार

घटना के बाद घायल विद्यार्थियों और स्टाफ को तत्काल रामानुजगंज के 100 बिस्तर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने सभी का प्राथमिक उपचार किया। डॉक्टर शालिनी सहित मेडिकल टीम ने घायलों की स्थिति का परीक्षण किया।

बताया गया है कि कक्षा 10वीं की छात्राएं नंदिनी कुशवाहा, आफरीन और संविदा खातून को मक्खियों के हमले से अपेक्षाकृत ज्यादा चोटें आईं। उनकी स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें आगे के उपचार के लिए बलरामपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

घटना के बाद स्कूल परिसर में काफी समय तक डर का माहौल बना रहा। अचानक बड़ी संख्या में मक्खियों के स्कूल के भीतर पहुंचने की वजह क्या थी, इसे लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल घटना के बाद स्कूल प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों द्वारा स्थिति का जायजा लिए जाने की जानकारी सामने आई है।