Friday, November 13, 2026
Home बिलासपुर धान खरीदी से पहले प्रशासन का बड़ा एक्शन, सात ठिकानों पर छापेमारी;...

धान खरीदी से पहले प्रशासन का बड़ा एक्शन, सात ठिकानों पर छापेमारी; 200 क्विंटल से अधिक धान जब्त

4

The Duniyadari : बिलासपुर में अवैध धान के भंडारण पर प्रशासन की सख्ती, व्यापारियों और दुकानदारों के यहां हुई जांच

बिलासपुर। धान खरीदी का सीजन शुरू होने से पहले ही अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए जिला प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है। इसी कड़ी में अधिकारियों की संयुक्त टीम ने जिले के अलग-अलग इलाकों में दबिश देकर अवैध रूप से रखे गए 200.40 क्विंटल धान को अपने कब्जे में लिया है। इस कार्रवाई से धान के अवैध कारोबार में लगे लोगों के बीच हड़कंप मच गया है।

कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग के अधिकारियों ने चकरभाठा, कोटा, गतौरा, बेलगहना, किरारी और मझवानी समेत विभिन्न स्थानों पर जांच की। सात प्रतिष्ठानों में अनियमित तरीके से धान रखे जाने का मामला सामने आया। इसके बाद संबंधित संचालकों के खिलाफ मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

जांच के दौरान नानक ट्रेडर्स से 28 क्विंटल, श्री कृष्णा धान भंडार से 24 क्विंटल और श्रीराम राइस मिल से 50.40 क्विंटल धान बरामद हुआ। वहीं अमर किराना स्टोर्स से 28 क्विंटल, विशेष ट्रेडर्स से 24 क्विंटल, राम गोपाल किराना स्टोर्स से 26 क्विंटल और पप्पू किराना स्टोर से 20 क्विंटल धान जब्त किया गया।

15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी

प्रदेश में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की प्रक्रिया शुरू होने वाली है। खरीदी व्यवस्था में गड़बड़ी रोकने के लिए प्रशासन ने पहले से ही सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। खासतौर पर अवैध भंडारण, संदिग्ध परिवहन और बिचौलियों के माध्यम से खरीदी केंद्रों तक धान पहुंचाने जैसी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

प्रशासन ने साफ किया है कि धान खरीदी व्यवस्था में किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अवैध भंडारण या नियमों के विरुद्ध धान का कारोबार करने वालों पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।