The Duniyadari: रायपुर में वारदात का पुलिस ने किया खुलासा, सोने की चेन, चांदी के 12 बेलपत्र और 89 हजार से अधिक रुपये बरामद
रायपुर। राजधानी में बंद मकान को निशाना बनाकर चोरी करने के मामले में तेलीबांधा पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने जांच के बाद 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद किया है। आरोपी ने चोरी के आभूषण और नकदी को अपने ही घर की छत पर छिपा रखा था।
मामला डॉ. स्नेहिल दीवान के मकान से जुड़ा है। बताया गया कि 18 नवंबर को वे परिवार के साथ वाराणसी गए हुए थे। इस दौरान मकान बंद था। दो दिन बाद जब परिवार वापस लौटा तो घर के अंदर का ताला टूटा मिला और अलमारी का लॉकर भी क्षतिग्रस्त था। जांच करने पर सोने की चेन, चांदी के बेलपत्र, नकदी सहित अन्य सामान गायब मिले।
शिकायत मिलने के बाद तेलीबांधा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। संदेह के आधार पर पुलिस ने मौलीपारा शाम बाजार निवासी श्याम सोना (22) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने मकान में चोरी करने की बात स्वीकार कर ली।
आरोपी की जानकारी पर पुलिस ने उसके घर की छत से चोरी का सामान बरामद किया। जब्त सामग्री में सोने की चेन, चांदी के 12 बेलपत्र और 89,495 रुपये नकद के अलावा सब्जी काटने वाला चाकू भी शामिल है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।



















