Saturday, November 21, 2026
Home छत्तीसगढ़ भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमांग जोशी का छत्तीसगढ़ दौरा कल, दो दिवसीय...

भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमांग जोशी का छत्तीसगढ़ दौरा कल, दो दिवसीय प्रवास में युवाओं से करेंगे सीधा संवाद

5

The Duniyadari: बाइक रैली से होगा भव्य स्वागत, प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में संगठन की आगामी रणनीति पर बनेगी रूपरेखा; नक्सल मुक्त बस्तर पर भी होगी विशेष चर्चा

रायपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हेमांग जोशी 22 नवंबर से छत्तीसगढ़ के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान उनका रायपुर में कई कार्यक्रमों में शामिल होने का कार्यक्रम है। संगठनात्मक बैठकों के साथ ही वे प्रदेश के युवाओं, खिलाड़ियों, युवा उद्यमियों और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ संवाद करेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक डॉ. जोशी 22 नवंबर की रात करीब 9 बजे रायपुर पहुंचेंगे। स्वामी विवेकानंद विमानतल पर उनके आगमन के बाद मीडिया से बातचीत होगी। इसके बाद युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं की ओर से स्वागत किया जाएगा और बाइक रैली के जरिए उनका अभिनंदन किया जाएगा। शहर के विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों पर भी कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे।

दौरे के दूसरे दिन 23 नवंबर की सुबह साइंस कॉलेज में खेल गतिविधियों में भाग लेने के साथ खिलाड़ियों से चर्चा करेंगे। इसके बाद अग्रसेन भवन में युवतियों के साथ संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे। सुबह 11 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक होगी।

दोपहर में रावतपुरा सरकार विश्वविद्यालय में आयोजित युवा जोहार कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं से सीधा संवाद करेंगे। शाम को विधि, चिकित्सा, तकनीक, कृषि, खेल, सोशल मीडिया और उद्यमिता सहित विभिन्न क्षेत्रों में पहचान बनाने वाले युवाओं के साथ विचार-विमर्श किया जाएगा।

नक्सल मुक्त बस्तर पर युवाओं से होगी चर्चा

इस प्रवास का एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के युवाओं के साथ प्रस्तावित विशेष संवाद होगा। इसमें नक्सलवाद से मुक्त बस्तर के निर्माण, क्षेत्र के विकास और युवाओं की भूमिका जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी। इसके बाद वे भाठागांव में कार्यकर्ता गृह संपर्क कार्यक्रम के तहत एक कार्यकर्ता के निवास पर पहुंचेंगे। रात 8 बजे उनका दिल्ली रवाना होने का कार्यक्रम निर्धारित है।

दो दिनों तक चलेगी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक

भाजयुमो की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक 22 और 23 नवंबर को रायपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित की जा रही है। इसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हेमांग जोशी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, प्रदेश सरकार के मंत्री और युवा मोर्चा के पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

बैठक के दौरान संगठन को मजबूत बनाने, आगामी गतिविधियों और युवाओं के बीच पार्टी की पहुंच बढ़ाने से जुड़े विषयों पर मंथन किया जाएगा। इस दौरे को प्रदेश में युवा मोर्चा की संगठनात्मक सक्रियता बढ़ाने और युवा नेतृत्व से जुड़ाव मजबूत करने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।