Sunday, November 29, 2026
Home रायपुर दिसंबर में हो सकते हैं नगरीय निकाय चुनाव, अरुण साव के बयान...

दिसंबर में हो सकते हैं नगरीय निकाय चुनाव, अरुण साव के बयान से बढ़ी सियासी हलचल

5

The Duniyadari: छत्तीसगढ़ के 17 नगरीय निकायों में चुनावी तैयारियों को लेकर भाजपा ने जताया भरोसा, कांग्रेस पर भी उप मुख्यमंत्री ने साधा निशाना

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद अब चुनाव कार्यक्रम को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। इसी बीच उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने संकेत दिए हैं कि प्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव दिसंबर महीने में कराए जा सकते हैं।

मीडिया से चर्चा के दौरान अरुण साव ने कहा कि निर्वाचन आयोग चुनाव की तैयारियों में जुटा हुआ है। भाजपा भी सभी 17 नगरीय निकायों में पूरी गंभीरता के साथ चुनाव की तैयारी कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि पिछले चुनाव की तरह इस बार भी पार्टी को जनता का समर्थन मिलेगा। साव के मुताबिक, प्रदेश सरकार ने बीते तीन वर्षों में शहरों के विकास के लिए कई काम किए हैं, जिसका लाभ चुनाव में पार्टी को मिलेगा।

कांग्रेस की स्थिति पर भी किया कटाक्ष

कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत की कार्यकर्ताओं के साथ बैठक को लेकर भी उप मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के भीतर संगठनात्मक स्थिति ठीक नहीं है। हालात ऐसे हैं कि जिलाध्यक्षों को बैठकों में शामिल कराने के लिए नोटिस तक जारी करने पड़ रहे हैं।

पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज को लेकर पूछे गए सवाल पर अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस में संगठन विस्तार और कार्यसमिति गठन जैसे विषय भी ठीक से आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं। उन्होंने पार्टी की मौजूदा स्थिति पर तंज कसते हुए इसे कांग्रेस का आंतरिक मामला बताया।

महिला आरक्षण और परिसीमन पर विपक्ष को घेरा

संसद के आगामी सत्र में परिसीमन से जुड़े विधेयक की चर्चा पर साव ने कहा कि महिलाओं को लोकसभा और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण देने की दिशा में प्रक्रिया आगे बढ़ चुकी है। उन्होंने दावा किया कि महिला आरक्षण के मुद्दे पर विपक्ष का रुख जनता के सामने आ चुका है। परिसीमन को लेकर भी उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा और विरोध करने वाले दलों को राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

शराब घोटाले की जांच पर क्या बोले साव?

शराब घोटाला मामले में विकास अग्रवाल की गिरफ्तारी को लेकर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ रही हैं। जांच एजेंसियों को जो भी तथ्य मिलेंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अरुण साव के इस बयान के बाद अब प्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव की संभावित तारीखों और राजनीतिक दलों की तैयारियों पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।