रायपुर। आज छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) का प्रदर्शन शुरू हो गया है। नगर निगम मुख्यालय से भाजयुमो कार्यकर्ता सीएम हाउस घेरने कूच कर चुके हैं। इसी बीच भाजयुमो प्रदेश प्रभारी अनुराग सिंहदेव, विधायक सौरभ सिंह और विधायक श्रीचंंद सुंदरानी सहित कई बड़े नेता गिरफ्तार कर लिए गए हैं। भाजयुमो कार्यकर्ता पुलिस के तमाम कड़ी सुरक्षा को ध्वस्त बैरिकेडिंग तोड़ते हुए सर्किट हाउस तक पहुंचने में सफल हो गए हैं।
इसी बीच भाजयुमो कार्यकर्ताओं की जगह-जगह पुलिस के साथ झड़प हुई। अलग-अलग इलाकों में लगाए गए बैरिकेडिंग की वजह से कार्यकर्ता आगे नहीं बढ़ पा रहे थे। इस वजह से कार्यकर्ता उग्र हो गए। महिला थाना के पास लगाए बैरिकेडिंग को कार्यकर्ताओं ने तोड़ दिया और ओसीएम चौक की ओर बढ़ गए हैं।
इससे पहले नगर निगम मुख्यालय के सामने आयोजित सभा में प्रदर्शन में शामिल होने भाजपा प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्वरी, पूर्व मुख्यमंत्री डा रमन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल सहित भाजपा के दिग्गज नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
वहीं प्रदेशभर से आए भाजयुमो के कार्यकर्ताओं की भीड़ जुट गई है। प्रदर्शन को देखते हुए रायपुर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। सीएम हाउस की ओर जाने वाले सभी रास्तों को बैरिकेड लगाकर रोक दिया गया है। जबकि घड़ी चौक के पास कंटेनर रखकर सड़क बंद किया गया है।
पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने कंटेनर से सड़क को बंद करने पर ट्वीट कर छत्तीसगढ़ सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कंटेनर से सड़क को बंद करने का वीडियो जारी करते हुए कहा, युवाओं से इतना डर की विरोध की आवाज़ दबाने सड़कों पर कंटेनर उतार दिए। भूपेश जी अभी तो बस यह शुरुआत है, वादे नहीं निभाये तो टैंक भी बुला लीजियेगा, यह आवाज़ें अब दबने वाली नहीं हैं। छत्तीसगढ़ ने इतनी डरपोक और कायर सरकार कभी नहीं देखी।