नाराज होकर बदमाशों ने किया चाकू से हमला, पिता की मौत

109
Oplus_131072

रायपुर– तेलीबांधा तालाब किनारे बदमाशों ने केवल 50 रुपए के लिए ट्रायबल विभाग के दैनिक वेतनभोगी ड्राइवर की जान ले ली। ड्राइवर ईश्वर राजवाड़े रात का भोजन करने के बाद अपने दोस्त के साथ टहल रहा था। एक मोपेड में तीन बदमाश पीछे से आए। उन्होंने आवाज देकर उन्हें रोका।

बदमाशों ने उनसे 50 रुपए मांगे। ईश्वर ने कहा- हम तो लोवर टीशर्ट में है। हमारे पास पैसे नहीं है। उसने अपने हाथ उठाए। इस दौरान बदमाशों ने उसके हाथ का मोबाइल देखा और छीन लिया। ईश्वर ने मोबाइल छुड़ाने की कोशिश की। उसी से नाराज होकर बदमाशों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया।

चाकू से गहरी चोट पड़ने से घटना स्थल पर ही काफी खून बह गया। अस्पताल ले जाने में भी देर हुई इस वजह से उसे बचाया नहीं जा सका। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित किया। आरोपियों को पकड़ने में पेट्रोल पंप और आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरे पुलिस के लिए मददगार बने। आरोपियों के फुटेज से ही उनकी पहचान कर ली गई थी। उसी फुटेज के आधार पर पुलिस ने सोमवार देर रात तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार ईश्वर ने अपने साहब को होटल में छोड़ा था। रायपुर में उसका दोस्त रहता है। उसने दोस्त को फोन कर बुलाया और उसी के साथ रात का भोजन करने के बाद टहलने निकला था।

अंबिकापुर से ईश्वर राजवाड़े अपने विभाग के एसडीओ राजीव पाठक को लेकर विभागीय कार्य के सिलसिले में रायपुर आया था। सोमवार को ईश्वर के चार साल के बेटे का जन्मदिन था। वह बेटे के जन्मदिन के लिए शाम तक घर ग्राम सरईटिकरा अंबिकापुर पहुंचने वाला था। वह इसके लिए बेचैन था। उसने अपने एसडीओ पाठक को भी इस बात की जानकारी दी थी। उन्होंने कहा था वे सुबह नाश्ता करने के बाद निकल जाएंगे.

तीन गिरफ्तार
क्राइम ब्रांच पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम रोहित बघेल, सूरज उर्फ खिड़की, हरीश बघेल बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि तीनों आरोपी रायपुर के रहने वाले हैं। 01. रोहित बघेल पिता शल्लू बघेल निवासी गांधीनगर थाना सिविल लाईन रायपुर। 02. सूरज उर्फ खिड़की निवासी गांधीनगर थाना सिविल लाईन रायपुर। 03़. हरीश बघेल निवासी गांधीनगर थाना सिविल लाईन रायपुर।