Saturday, April 25, 2026
Home देश AAP की शैली ओबेरॉय फिर बनीं दिल्ली की मेयर, भाजपा ने वापस...

AAP की शैली ओबेरॉय फिर बनीं दिल्ली की मेयर, भाजपा ने वापस लिया नाम

293

नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम के मेयर और उपमेयर के लिए आज बुधवार को हुए चुनाव में आम आदमी पार्टी को एक बार फिर सफलता मिली है।

मेयर चुनाव में भाजपा प्रत्याशी शिखा राय के नाम वापस लेने के बाद आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार शैली ओबेरॉय फिर दिल्ली नगर निगम की मेयर निर्वाचित हुई हैं। वहीं, उपमेयर पद के लिए भाजपा प्रत्याशी सोनी पांडेय के नामांकन वापस लेने के बाद आम आदमी पार्टी के आले मोहम्मद को निर्विरोध उपमेयर चुन लिया गया है।

इससे पहले माना जा रहा था कि सदन में चुनाव को लेकर आप और भाजपा के बीच पिछली बार की तरह इस बार फिर हंगामा देखने को मिल सकता है।

सदन में भाजपा ने किया सरेंडर- AAP
आम आदमी पार्टी के विधायक दुर्गेश पाठक ने कहा कि भाजपा ने 18 अप्रैल को नामांकन के समय कहा था कि भाजपा का मेयर बनेगा। हमारे पार्षदों को दस-दस करोड़ रुपये का आफर दिया। पहली बार हमारे पार्षदों को तोड़ने के लिए दिल्ली पुलिस का सहारा लिया। डीसीपी का सहारा लिया गया। दिल्ली पुलिस का सहारा लेकर हमारे पार्षदों को तोड़ने की कोशिश की। उन्हें अंदेशा था कि भाजपा के पार्षद भी आप के पक्ष में वोट डाल सकते थे। इसलिए भाजपा ने सरेंडर कर दिया।