Home Blog Page 2811

KORBA : वेलेंटाइन डे पर बालको के खिलाफ अनोखा आंदोलन… प्रबंधन को भेंट करेंगे लाल गुलाब,पढ़े क्या है मामला …

कोरबा। बालको प्रबंधन के खिलाफ एक अनोखा अंदोलन करने की जानकारी मिली है। प्रबन्धन के खिलाफ वेलेंटाइन दे के अवसर पर अधिकारियो को लाल गुलाब भेंट कर काले गुब्बारे छोडे जायेंगे। हलाकि अंदोलन समाज हित कम और अपने हित में अधिक होने की चर्चा शुरू हो गई है।

बता दें कि बालको प्रबंधन के खिलाफ दूषित राखड़ पानी को नदी में छोड़ने, एव स्थानिय बेरोजगार युवाओं को नौकरी की मांग को लेकर मधुसूदन दास के नेतृत्व में बालको प्रबंधन को लाल गुलाब भेंट कर काले गुब्बारे छोड़ने की रणनीति बनाई गई है। कार्यक्रम के लिए बाक़ायद वेलेंटाइन डे को चुना गया है। इस दिन युवा अपने गर्लफ्रेंड को गुलाब देते है ,पर ये युवा थोड़े नटखट है और युवाओ को रोजगार देने की मांग को लेकर बालको प्रबंधन के अधिकारियो को लाल गुलाब देकर वेलेंटाइन डे मनाने वाले है। हलाकि प्रबंधन को आंदोलन खबर लगते ही युवाओ को रिझाने का प्रयास किया जा रहा है।

संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में रेप, पुलिस आई तो पैंट्रीकार के फ्रीजर में जाकर छिप गया था आरोपी

भोपाल। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की रहने वाली 21 साल एक युवती के साथ कर्नाटक संपर्क क्रांति एक्सप्रेस (Karnataka Sampark Kranti Express) में बलात्कार का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, पीड़िता की शिकायत पर पुलिस जब ट्रेन में पहुंची तो आरोपी पैंट्रीकार के फ्रीजर में जाकर छिप गया। हालांकि पुलिस ने उसे ढूंढ निकाला और गिरफ्तार कर हवालात में भेज दिया।

युवती ने इस संबंध में भोपाल में एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस में दर्ज शिकायत में लड़की ने बताया कि वह दिल्ली से मुंबई जा रही थी, रास्ते में कई लोगों ने उससे कहा कि अकेली लड़की इस तरह अकेले मुंबई जाना सुरक्षित नहीं। उनकी बातें सुनकर वह भी डर गई और फिर दिल्ली वापस लौटने के लिए किसी ट्रेन में सवार हुई। हालांकि उस ट्रेन में काफी भीड़ थी, इसलिए वह भुसावल रेलवे स्टेशन पर उतर गई।

लड़की ने बताया कि वह फिर वहां से यशवंतपुर से निजामुद्दीन जाने वाली कर्नाटक संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के एसी कोच में सवार हो गई। उसके पास इस ट्रेन में कोई रिजर्वेशन नहीं था, इसलिए वह कोच के अंदर फर्श पर कंबल बिछाकर सो गई। रात करीब 8 बजे नीली शर्ट पहने एक युवक वहां आया और उसे जगाकर पैंट्रीकार के बाहर जाकर सोने के लिए कहते हुए वहां से चला गया।

FIR के मुताबिक, ‘कुछ देर बाद वही युवक फिर आया और उसे जबरन पैंट्रीकार के अंदर खींच ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया। युवती के शोर मचाने पर आरोपित ने उसे मारा-पीटा और चलती ट्रेन से नीचे फेंकने की धमकी देकर भगा दिया। इसके बाद वह रोती हुई दूसरे डिब्बे में चली गई और वहां दूसरे यात्रियों को घटना की जानकारी दी।

इन कारों के पीछे दीवाने हुए लोग, वेटिंग पीरियड पहुंचा 1 साल के पार,जानें कितनी है कीमत

बिजनेस डेस्क। भारत में नए कार खरीदारों को इन दिनों एक बड़ी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। वहीं कुछ कारें इस समय भारी मांग का आनंद ले रही हैं, जिसके पीछे वजह सेमीकंडक्टर चिप की कमी के कारण उनका धीमा प्रोडक्शन है। हम आपको बता रहे हैं इन दिनों सबसे ज्यादा वेटिंग पीरियड वाली कारों की डिटेल्स..

Mahindra की कारों का बोलबाला

हमारी सूची की पहली कार है XUV700। इस एसयूवी की वर्तमान में सबसे ज्यादा डिमांड है, और इसलिए ही इसकी डिलीवरी के लिए लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। XUV700 के चुनिंदा वेरिएंट के ग्राहक उन्नीस महीने तक का लंबा इंतजार कर रहे हैं।

महिंद्रा की थार Mahindra Thar-amp इस सूची की दूसरी कार है, जिसकी प्रतीक्षा अवधि 12 महीने तक है। हालांकि, दिल्ली एनसीआर और देहरादून में डीलर सूत्रों के मुताबिक एक्सयूवी700 और थार की वास्तविक प्रतीक्षा अवधि को चयनित प्रकार और रंग के आधार पर लगभग छह से दस महीने तक कम किया जा सकता है।

Hyundai और Maruti भी कतार में

इसके साथ ही हुंडई क्रेटा Hyundai Creta की प्रतीक्षा अवधि 10 महीने तक है, जिसमें सबसे लंबा इंतजार बेस ट्रिम के लिए है। वहीं अन्य वेरिएंट के लिए, खरीदारों को लगभग छह महीने इंतजार करना होगा। सूची में अगली कार मारुति अर्टिगा Maruti Ertiga है, जो केवल पेट्रोल वेरिएंट के लिए लगभग तीन से पांच महीने और सीएनजी संस्करण के लिए नौ महीने तक प्रतीक्षा पर है।

कल सुबह इतिहास रचेगा ISRO, EOS-04 के साथ उड़ान भरेगा PSLV-C52, उल्टी गिनती शुरू

नई दिल्ली। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (isro) के 2022 के पहले प्रक्षेपण अभियान के तहत PSLV-C52 के जरिए धरती पर नजर रखने वाले उपग्रह EOS-04 को कक्षा में भेजने के लिए 25 घंटे की उलटी गिनती रविवार सुबह शुरू हो गई। ध्रुवीय उपग्रह प्रक्षेपण यान (PSLV) अपने साथ दो छोटे उपग्रहों को भी ले जाएगा। इसका प्रक्षेपण आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र के पहले लॉन्च पैड से सोमवार को सुबह 05:59 बजे निर्धारित है।

इसरो ने एक ट्वीट में कहा कि PSLV-C52 /EOS-04: प्रक्षेपण के लिए 25 घंटे 30 मिनट की उलटी गिनती की प्रक्रिया आज सुबह 04:29 बजे शुरू हो गई है।” EOS-04 एक ‘रडार इमेजिंग सैटेलाइट’ है जिसे कृषि, वानिकी और वृक्षारोपण, मिट्टी की नमी और जल विज्ञान तथा बाढ़ मानचित्रण जैसे अनुप्रयोगों एवं सभी मौसम स्थितियों में उच्च गुणवत्ता वाली तस्वीरें प्रदान करने के लिए डिजाइन किया गया है।

दो छोटे उपग्रहों को भी ले जाएगा

PSLV अपने साथ में दो छोटे उपग्रहों को भी ले जाएगा, जिनमें कोलोराडो विश्वविद्यालय, बोल्डर की वायुमंडलीय और अंतरिक्ष भौतिकी प्रयोगशाला के सहयोग से तैयार किया गया भारतीय अंतरिक्ष विज्ञान और प्रौद्योगिकी संस्थान (IIST) का उपग्रह इन्सपायरसैट-1 भी शामिल है। इसमें NTU, सिंगापुर और एनसीयू, ताइवान का भी योगदान रहा है। इस उपग्रह का उद्देश्य आयनमंडल के गति विज्ञान और सूर्य की कोरोनल ऊष्मीय प्रक्रियाओं की समझ में सुधार करना है।

वहीं, दूसरा उपग्रह इसरो का एक प्रौद्योगिकी प्रदर्शक उपग्रह (INS-2TD) है। इसके उपकरण के रूप में एक थर्मल इमेजिंग कैमरा होने से उपग्रह भूमि की सतह के तापमान, आर्द्रभूमि या झीलों के पानी की सतह के तापमान, वनस्पतियों (फसलों और जंगल) और तापीय जड़त्व (दिन और रात) के आकलन में सहायता प्रदान करेगा। यह PSLV की 54वीं उड़ान होगी और 6 पीएसओएम-एक्सएल (स्ट्रैप-ऑन मोटर्स) के साथ ‘PSLV-एक्सएल कॉन्फिगरेशन’ का उपयोग करते हुए 23वां मिशन होगा।

योगी’ के आदेश पर 20 साल तक हर बड़े फैसले करती रहीं NSE की पूर्व MD, अब लगा जुर्माना-बैन

NSE की पूर्व एमडी और सीईओ चित्रा रामकृष्णा (Chitra Ramkrishna) ने ‘हिमालय में रहने वाले एक योगी’ के कहने पर आनन्द सुब्रमण्यम (Anand Subramanian) की नियुक्ति एक्सचेंज के ग्रुप ऑपरेटिंग ऑफिसर और एमडी एक एडवाइजर के रूप में की. मार्केट रेगुलेटर SEBI के एक ऑर्डर में ये कहा गया है.

SEBI के आदेश में कहा गया है कि रामकृष्णा ने सुब्रमण्यम को कई बार मनमाने तरीके से Salary Hike दी जबकि उनके परफॉर्मेंस के मूल्यांकन का कोई सबूत मौजूद नहीं है.

सेबी के ऑर्डर में ये बातें भी आई सामने
SEBI द्वारा शुक्रवार को पास किए गए ऑर्डर में ये बातें सामने आईं. रेगुलेटर ने रामकृष्ण और अन्य के खिलाफ ऑर्डर पास किया है. ऑर्डर में कहा गया है कि रामकृष्ण ने NSE के कुछ फाइनेंशियल और बिजनेस प्लान, डिविडेंड से जुड़ी बातें, फाइनेंशियल रिजल्ट्स और कुछ अन्य गोपनीय सूचनाएं योगी के साथ शेयर कीं. इतना ही नहीं NSE के कर्मचारियों के अप्रेजल को लेकर भी उन्होंने योगी से विचार-विमर्श किए.

20 साल तक लेती रहीं सलाह
योगी को रामकृष्णा “Sironmani” के रूप में रेफर करती हैं और पिछले 20 साल से हर तरह के पर्सनल और प्रोफेशल मामले पर उनकी राय के आधार पर फैसले लेती रही हैं. रामकृष्ण अप्रैल 2013 से दिसंबर 2016 के बीच NSE की मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ रही थीं.

190 पेज का ऑर्डर
सेबी ने अपने 190 पेज के ऑर्डर में कहा है कि रामकृष्णा ने योगी के कहने पर सुब्रमण्यम की नियुक्ति की. इस वजह से ही सुब्रमण्यम को काफी अधिक अधिकार दिए गए थे.

इस तरह हुई थी सुब्रमण्यम की नियुक्ति
सुब्रमण्यम को NSE में अप्रैल 2013 में चीफ स्ट्रेटेजी एडवाइजर के तौर पर ज्वाइन करने का ऑफर मिला था. उन्हें 1.68 करोड़ का सालाना पैकेज ऑफर किया गया था. इससे पहले वह Balmer and Lawrie में मिडिल लेवल मैनेजमेंट में काम कर रहे थे और मार्च 2013 में उनका सालाना पैकेज 15 लाख रुपये से भी कम था. इसके अलावा उन्हें कैपिटल मार्केट का कोई एक्सपीरियंस नहीं था.

अप्रैल, 2014 में उनका सालाना पैकेज 1.68 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 2.01 करोड़ रुपये कर दिया गया. अप्रैल, 2015 में उनका सालाना पैकेज बढ़ाकर 3.33 करोड़ रुपये कर दिया गया. इसके साथ-साथ उन्हें ग्रुप ऑपरेटिंग ऑफिसर (GOO) और एमडी का एडवाइजर नियुक्त किया गया. 2016 में उनका पैकेज बढ़कर 4.21 करोड़ रुपये पर पहुंच गया.

अब भरना होगा इतना जुर्माना
गवर्नेंस में खामी को लेकर सेबी ने रामकृष्ण पर तीन करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है. इसके साथ ही NSE, सुब्रमण्यम और NSE के अन्य पूर्व एमडी एवं सीईओ रवि नारायण पर दो-दो करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया. इसके अलावा तत्कालीन चीफ रेगुलेटरी ऑफिसर एवं कम्पलाइंस ऑफिसर वी. आर. नरसिम्हन पर 6 लाख रुपये का जुर्मान लगाया गया है.

ये कार्रवाई भी
रामकृष्णा और सुब्रमण्यम किसी भी मार्केट इन्फ्रास्ट्रक्चर इंस्टीच्युशन या सेबी के साथ रजिस्टर्ड किसी भी इंटरमीडियटरी के साथ तीन साल तक एसोसिएट नहीं हो सकते हैं. नारायण पर इस संबंध में दो साल की पाबंदी लगाई गई है.

KL मेहता स्मृति क्रिकेट कप का हो रहा आगाज…. मैदान में चौका छक्का लगाने आ रहे जाबांज…

कोरबा। स्व के एल मेहता कप का आगाज जल्द ही शुरू हो रहा है। रोमांचक मैच में चौके छक्के लगाने आ रहे जाबांज ! जी हां घंटाघर ओपन आडोटोरियम में होने वाले क्रिकेट मैच में पुलिस , जिला प्रशासन के साथ कई औद्योगिक उपक्रम के टीम अपने हुनर का जलवा बिखेरते रहे है। इस वर्ष भी रोमांच से भरपूर कई दिग्गज खिलाड़ी मैच में हिस्सा लेकर खेल का उत्साह बढ़ाएंगे।

बता दें कि वरिष्ठ पत्रकार स्व. केशवलाल मेहता की स्मृति में कोरबा प्रेस क्लब द्वारा आयोजित किए जाने वाले क्रिकेट प्रतियोगिता के 18 वें वर्ष फरवरी माह में पुन: स्पर्धा का रोमांच छाएगा। कोरबा प्रेस क्लब द्वारा आयोजन की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। डॉ. भीमराव अंबेडकर ओपन एयर ऑडिटोरियम घंटाघर मैदान में स्पर्धा का रोमांच क्रिकेट प्रेमियों के सिर चढ़कर बोलता है। स्पर्धा में कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, नगर निगम की टीम के अलावा कोरबा जिले में स्थापित निजी व सार्वजनिक उपक्रम एनटीपीसी, बालको, सीएसईबी, एसईसीएल के अलावा छत्तीसगढ़ प्रेस क्लब की क्रिकेट टीम शामिल होती हैं। स्पर्धा में क्रिकेट प्रेमी बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं। यह आयोजन पूरी तरह से सद्भाव पूर्ण एवं खेल भावना से होता रहा है।

मेडिकल की पढ़ाई दो भाषाओं में कराने पर विचार, लोकल लैंग्वेज चयन करने की मिलेगी आजादी

नई दिल्ली। इंजीनियरिंग की पढ़ाई क्षेत्रीय भाषाओं में शुरू किए जाने के बाद अब मेडिकल की पढ़ाई भी अंग्रेजी के साथ-साथ क्षेत्रीय भाषाओं में शुरू करने पर विचार किया जा रहा है। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) की हाल में हुई बैठक में इस पर चर्चा हुई है। इस बैठक में तैयार चर्चा का मसौदा विभिन्न पक्षों की राय जानने के लिए जारी किया गया है।

एनएमसी के गठन से पहले जब एमसीआई अस्तित्व में थी, तब उसने हिंदी में मेडिकल कोर्स शुरू करने के अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय के प्रस्ताव को खारिज कर दिया था। मगर, अब इस मुद्दे पर नए सिरे से बदले स्वरूप में कवायद शुरू होती दिखाई दे रही है।

सूत्रों के अनुसार, चर्चा के मसौदे में कहा गया है कि चिकित्सा शिक्षा को दो भाषाओं में शुरू करने का नया प्रस्ताव बैठक में आया है। इसका मतलब यह है कि अंग्रेजी के साथ-साथ एक स्थानीय भाषा में भी मेडिकल की पढ़ाई शुरू की जाए। यह देश के अलग-अलग हिस्सों में अलग-अलग हो सकती है। मसलन, ओडिशा में अंग्रेजी के साथ उड़िया, उत्तर प्रदेश में अंग्रेजी के साथ हिंदी और तमिलनाडु में अंग्रेजी के साथ तमिल भाषा हो सकती है।

इससे राज्य स्तर पर छात्रों को चिकित्सा शिक्षा के अध्ययन में सुविधा होगी, क्योंकि यह देखा गया है कि ग्रामीण परिवेश से आने वाले छात्रों को शुरुआती दौर में चिकित्सा शिक्षा की पूर्णत: अंग्रेजी में पढ़ाई करने में कठिनाई आती है। इस कदम से क्षेत्रीय भाषाओं को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

क्षेत्रीय भाषाओं में भी हो रही इंजीनियरिंग की पढ़ाई

बता दें कि कुछ समय पूर्व एआईसीटीई ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई हिंदी समेत अन्य क्षेत्रीय भाषाओं में शुरू करने का ऐलान किया है। इस सत्र से कई इंजीनियरिंग कॉलेजों ने इसकी शुरुआत भी कर दी है। मेडिकल की पढ़ाई दो भाषाओं में शुरू करने के प्रस्ताव पर एनएमसी आगे बढ़ पाता है या नहीं, यह काफी कुछ इस बात पर निर्भर करता है कि इस पर क्या प्रतिक्रिया आती है। मगर, इस प्रस्ताव के ज्यादा विरोध होने की संभावना इसलिए भी नहीं है, क्योंकि इसमें प्रमुख भाषा के तौर पर अंग्रेजी मौजूद रहेगी।

एक बोतल खरीदो, दूसरी मुफ्त…ऑफर सुनते ही शराब की दुकानों पर उमड़ी भीड़

राजधानी दिल्ली में शनिवार को शराब की दुकानों पर लंबी लाइन देखी गई. शनिवार को दिल्ली की कुछ शराब की दुकानों ने विभिन्न ब्रांड की शराब पर छूट (Discount on Liquor) देने का ऐलान किया था. शराब की कीमतों में छूट मिलने की खबर मिलते ही लोगों की भीड़ दुकानों पर देखने को मिली.

दरअसल, दिल्ली के जहांगीरपुरी, शाहदरा, मयूर विहार, अशोक नगर सहित कई अन्य इलाकों में शराब की दुकानों ने कुछ खास ब्रांड्स पर 35 फीसदी तक की छूट देने की घोषणा की थी. एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार शराब की दुकान पर उमड़ी भीड़ पर पूर्वी दिल्ली में शराब की दुकान के एक कर्मचारी ने कहा कि शराब की दुकानों को मार्च के अंत तक अपना स्टॉक खत्म करना होगा क्योंकि नए वित्तीय वर्ष में लाइसेंस का नवीनीकरण किया जाएगा.

उन्होंने कहा, ‘कुछ ब्रांड ऐसे भी हैं जिनकी बिक्री हुई ही नहीं है, इसलिए दुकानदार उनके स्टॉक को विशेष ऑफर जैसे ‘एक खरीदें, एक मुफ्त पाएं’ के जरिए खत्म करना चाहते हैं.’ शराब के साथ इस तरह के ऑफर्स बीयर पर भी दिए गए.

शादी का मौसम और वीकेंड भी है एक कारण

आबकारी विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि शराब की दुकानों में लंबी कतारों के पीछे शादी का मौसम, वीकेंड और सोशल डिस्टेंसिंग के मानदंडों का पालन करने जैसे भी कई अन्य कारण थे. शराब कारोबारियों का कहना है कि रेट में कटौती के कारण लोगों ने बड़ी मात्रा में खरीदारी की.

हरियाणा, यूपी से सटे इलाकों में ज्यादा भीड़

उन्होंने कहा, ‘हरियाणा और उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती शहरों के करीब स्थित दुकानों में अधिक ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए खुदरा विक्रेताओं के बीच प्रतिस्पर्धा के कारण भीड़ अधिक थी.’।

अंडरग्राउंड टनल धंसी, 9 मजदूर फंसे, तीन को अस्पताल भेजा, रेस्क्यू जारी

कटनी। मध्यप्रदेश के कटनी जिले के स्लीमनाबाद में शनिवार को नर्मदा दायीं तट नहर योजना की अंडरग्राउंड नहर के धंसने से नौ मजदूर फंस गए। इनमें से तीन मजदूरों को निकाल कर इलाज के अस्पताल भेजा गया है। अभी भी पांच मजदूरों के टनल में फंसे होने की खबर है। रेस्क्यू ऑपरेशन में पुलिस और प्रशासन लगी हुई है।

जानकारी के अनुसार बरगी से बाणसागर तक जाने वाली नर्मदा दायीं तट परियोजना की अंडरग्राउंड नहर का काम चल रहा है। इसे हैदराबाद की एक निजी कंपनी बना रही है। शनिवार देर शाम अंडरग्राउंड नहर की मिट्टी धंस गई। इससे अंडरग्राउंड नहर के अंदर काम कर रहे नौ मजदूर दब गए। घटना की सूचना के बाद पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। जिसके बाद राहत एवं बचाव कार्य जारी है। मशीनों से मिट्टी को हटाने का काम किया जा रहा है। तीन मजदूरों को निकाल कर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

मुख्यमंत्री घायलों की मदद के निर्देश दिए

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने स्लीमनाबाद में टनल निर्माण के दौरान हुए हादसे और श्रमिकों के घायल होने की घटना पर दु:ख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कटनी जिला प्रशासन को घायलों के समुचित उपचार और प्रभावित क्षेत्र में आवश्यक राहत कार्य के साथ ही फंसे हुए मजदूरों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।

ब्रेकिंग: SP के आदेश पर गीतादेवी हॉस्पिटल प्रबंधन पर हुआ FIR…धारा 304 (ए ) के अंतर्गत की गई कार्यवाही…

कोरबा। कलेक्टर के निर्देश के बाद पुलिस अधीक्षक भोज राम पटेल के आदेश पर गीतादेवी हॉस्पिटल प्रबंधन पर अपराध दर्ज कर लिया है। हॉस्पिटल प्रबंधन पर धारा 304 ए के तहत कार्रवाई की गई है

बता दें कि 12 फरवरी 2022 को गीता देवी मेमोरियल अस्पताल कोरबा में भर्ती एक पहाड़ी कोरवा महिला की मौत हो गई थी।मामले में पुलिस अधीक्षक कोरबा भोजराम पटेल द्वारा सख्त रुख अपनाते हुए मामले में दोषियों के विरुद्ध तत्काल अपराध पंजीबद्ध करने के निर्देश दिया गया। पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल से प्राप्त निर्देश के पालन में चौकी प्रभारी रामपुर द्वारा गीता देवी मेमोरियल अस्पताल के प्रबंधक एवं अन्य जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध धारा 304 (ए) भादवि के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है । अपराध दर्ज होने के बाद अब निजी अस्पताल प्रबंधनों में हड़कंप मच गया हैं।