The Duniyadari: राजनांदगांव- शहर के राजीव नगर इलाके में सोमवार सुबह एक आरक्षक के मकान में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आगजनी की इस घटना में कमरे में रखा घरेलू सामान जलकर खाक हो गया। घटना सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही बसंतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पुलिस लाइन में पदस्थ आरक्षक नरेंद्र नायक का राजीव नगर में निजी मकान है। मकान के ऊपरी कमरे में अचानक आग लग गई, जिससे वहां रखा हजारों रुपए का सामान जलकर नष्ट हो गया। आग की लपटें उठते देख मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
पुलिस का कहना है कि आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। हालांकि प्रारंभिक तौर पर पारिवारिक विवाद के चलते घटना होने की आशंका जताई जा रही है। मोहल्ले के लोगों ने भी घरेलू विवाद के बाद आगजनी की संभावना व्यक्त की है।
बताया जा रहा है कि आरक्षक नरेंद्र नायक को पहले उनके खराब आचरण के चलते पुलिस लाइन में अटैच किया गया था। फिलहाल बसंतपुर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और संपत्ति नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।















