The Duniyadari: बिलासपुर के कतियापारा क्षेत्र में रविवार को एक घर में गैस सिलेंडर से जुड़े पाइप के फटने से अचानक आग लग गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। हादसे के समय रसोई में मौजूद तीन महिलाएं आग की चपेट में आकर झुलस गईं, जबकि आग बुझाने के प्रयास में घर के मुखिया भी घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के कतियापारा में अशोक निर्मलकर के घर में खाना बनाते समय गैस पाइप में अचानक रिसाव शुरू हो गया। देखते ही देखते आग ने रसोई को अपनी चपेट में ले लिया। उस समय किचन में मौजूद पूजा निर्मलकर, सरोजिनी निर्मलकर और ममता निर्मलकर झुलस गईं। तीनों के हाथ और चेहरे पर जलने की चोटें आई हैं।
वहीं, आग बुझाने के दौरान अशोक निर्मलकर भी झुलस गए और उनके चेहरे पर चोट आई है। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया। इसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर पूरी तरह काबू पाया और सिलेंडर को सुरक्षित बाहर निकाला। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सिलेंडर के पाइप के फटने और जलने से गैस रिसाव हुआ, जिससे आग भड़क गई।
हादसे में चार लोग घायल हुए हैं। सभी को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।













