The Duniyadari: सक्ति- जिले के डभरा तहसील अंतर्गत सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुए भीषण हादसे के बाद कलेक्टर ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। जिला दण्डाधिकारी अमृत विकास तोपनो ने घटना की गंभीरता को देखते हुए 30 दिनों के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
जारी आदेश के अनुसार 14 अप्रैल 2026 को वेदांता पावर लिमिटेड के बॉयलर यूनिट-1 में स्टीम पाइप से जुड़े वाटर सप्लाई पाइप के जॉइंट में तकनीकी खराबी आने के कारण बड़ा हादसा हुआ। इस दुर्घटना में कुल 34 श्रमिक प्रभावित हुए, जिनमें से 12 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि अन्य घायल श्रमिकों का इलाज रायगढ़ के फोर्टिस जिंदल अस्पताल, एपेक्स अस्पताल और बालाजी मेट्रो अस्पताल में जारी है।
घटना की विस्तृत जांच के लिए अनुविभागीय दण्डाधिकारी डभरा को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। जांच के दौरान हादसे के समय की परिस्थितियों, घटनास्थल पर मौजूद श्रमिकों की जानकारी, मृतक एवं घायलों का विवरण, दुर्घटना के कारणों और जिम्मेदार व्यक्तियों की पहचान जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर रिपोर्ट तैयार की जाएगी।
इसके साथ ही औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग द्वारा प्लांट के पूर्व निरीक्षण, पाई गई खामियों और की गई कार्रवाई की भी समीक्षा की जाएगी। जांच में यह भी स्पष्ट किया जाएगा कि दुर्घटना तकनीकी कारणों से हुई या मानवीय लापरवाही के चलते।
कलेक्टर ने जांच अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुझाव भी रिपोर्ट में शामिल किए जाएं। जांच पूरी कर 30 दिन के भीतर प्रतिवेदन जिला प्रशासन को सौंपना अनिवार्य किया गया है।















