Tuesday, September 22, 2026
Home छत्तीसगढ़ CG Breaking:  स्कूलों में लगे ताले,. भ्रमित करने वाले आदेश और एबीईओ के...

CG Breaking:  स्कूलों में लगे ताले,. भ्रमित करने वाले आदेश और एबीईओ के विरोध में हड़ताल शुरू

384

CG Breaking:  स्कूलों में लगे ताले,. भ्रमित करने वाले आदेश और एबीईओ के विरोध में हड़ताल शुरू

 

भाटापारा- ए बी ई ओ का व्यवहार और जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से जारी आदेश ने नाराजगी इतनी बढ़ाई है कि स्कूलों में ताले लग गए। पहला दिन भारी गहमागहमी में गुजरा। इंतजार उस गंभीर पहल का किया जा रहा है, जब दोनों दिक्कतें गंभीरता के साथ दूर की जाएंगी।

सालाना परीक्षाओं के लिए बहुत दिन नहीं बचे हैं। इस बीच स्कूलों में तालाबंदी जिस वजह से की जा रही है, उससे एक संदेश तो साफ जा रहा है कि समय रहते समस्याएं हल नहीं की गई, तो परिणाम खराब रिजल्ट के रूप में निकल सकता है। एक साथ तीन संघ द्वारा शुरू की गई हड़ताल यह भी बता रही है कि सूचना के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की तंद्रा नहीं टूटी है।

भ्रम इसलिए

स्थानांतरण के बाद आए नए बीईओ को एबीईओ पद की जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही उन्हें वित्तीय और प्रशासनिक कार्य का कार्यभार भी दिया गया है। दूसरी तरफ हाई कोर्ट से स्थगन आदेश लेकर आए पुराने बीईओ को पदभार तो दे दिया गया है लेकिन कार्य को लेकर चुप्पी साध ली गई है। हड़ताल पर गए संघों का कहना है कि आदेश भ्रमित करने वाला है। स्पष्ट करना होगा कि नियमानुसार खंड शिक्षा अधिकारी कौन है ?


नाराजगी इसलिए

हड़तालियों द्वारा कहा जा रहा है कि सहायक खंड शिक्षा अधिकारी का व्यवहार सही नहीं है। कुछ कर्मचारी तो उन पर दुर्व्यवहार का आरोप भी लगा रहे हैं। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में इसकी जानकारी और शिकायत की गई थी लेकिन सार्थक परिणाम नहीं मिले। इसलिए मजबूर होकर आंदोलन की राह पकड़नी पड़ी।

इनका बेवजह नुकसान

विवाद के बाद खंड शिक्षा क्षेत्र की स्कूलों की जैसी स्थिति बन चुकी है, उसमें छात्रों को बेवजह नुकसान उठाना पड़ रहा है। वार्षिक परीक्षाओं के लिए ज्यादा समय नहीं है। ताजा प्रतिकूल परिस्थितियां अध्ययन-अध्यापन में बाधा बन रही हैं। लिहाजा छात्र इंतजार कर रहे हैं ठोस निदान का।

नजर है

हड़ताल पर नजर है। ठोस परिणाम के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
– सी एस ध्रुव, जिला शिक्षा अधिकारी, बलौदा बाजार