अंबिकापुर। भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने बिलासपुर में AIIMS खोलने के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के बयान के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन करते हुए मुंडन कराया। कार्यकर्ताओं ने मंत्री सरगुजा की उपेक्षा करने का आरोप लगाया।

अंबिकापुर के स्थानीय संगम चौक पर आयोजित इस अनोखे विरोध-प्रदर्शन में भाजयुमो पदाधिकारियों ने स्वास्थ्य मंत्री को विकास विरोधी बताते हुए जमकर नारेबाजी की। भाजयुमो जिलाध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर के नेतृत्व में ये विरोध-प्रदर्शन किया गया।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य भारत सिंह सिसोदिया ने कहा कि सरगुजा संभाग से आने वाले स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव को यहां रहने वाली आम जनता की कोई फिक्र नहीं है।

बिलासपुर क्षेत्र जहां पहले से अपोलो और सर्व सुविधायुक्त मेडिकल कॉलेज सिम्स जैसे अस्पताल पहले से मौजूद हैं, वहां एम्स बनाने की स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव की बात सरगुजा के जनता की उम्मीदों के साथ कुठाराघात है।

भाजपा जिला महामंत्री ने कहा कि सरगुजा संभाग अपने इकलौते असुविधायुक्त मेडिकल कॉलेज के भरोसे जन स्वास्थ्य सुविधाओं का बोझ ढो रहा है, जबकि स्थानीय विधायक स्वास्थ्य मंत्री हैं, फिर भी उनके जन कल्याण की सूची में सरगुजा कहीं नहीं है। सरगुजा की जनता अपने साथ हुए धोखे का हिसाब जरूर लेगी।

0.मुंडन कार्यक्रम में ये रहे शामिल

इस अवसर पर राज बहादुर शास्त्री, अमोघ कश्यप, अभिषेक सिंह, अनिरुद्ध मिश्रा, अनुराग शुक्ला, मनीष दुबे, शानू कश्यप, मार्कंडेय तिवारी, मनोज सोनी, विनाल गुप्ता, दीपक यादव, दिव्यांशु केशरी, गोलू यादव, श्रीधर केशरी, गोल्डी सिंह, निशांत गुप्ता, अविनाश कुशवाहा, सौरभ मिश्रा, शुभम अग्रवाल, प्रिंस चौबे, राहुल दुबे, भोलू सिंह सेंगर, केवल यादव, विनय ठाकुर और अभय पैकरा सहित अन्य कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।