रायपुर। CG News: छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय (Vishnu Dev Sai) शपथ ग्रहण समारोह से पहले जशपुर कुमार स्व. दिलीप सिंह जूदेव के रायपुर स्थित उनके निवास स्थल धरमपुर पहुंचे। जहां उन्होंने स्व. जूदेव की धर्म पत्नी माधवी सिंह जूदेव से भेंट कर उनका हालचाल पूछा और आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने युद्धवीर सिंह जूदेव के परिवार से मिले और शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने का न्योता दिया। जूदेव परिवार ने मुख्यमंत्री श्री साय को पूरी आत्मीयता के साथ मिठाई खिलाकर बधाई दी।
CG News: कार्यकर्ताओं का सम्मान करना, विनम्रता हमने कुमार साहब से सीखा : साय
मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बोले कि, हमने कुमार साहब से ही सीखा इंसान में विनम्रता कैसी होती है। कार्यकर्ताओं का सम्मान कैसे किया जाता है… यह सब गुण हमने उन्हीं से सीखा है। वहीं माधवी जूदेव ने कहा- विष्णुदेव साय को सीएम बनाए जाने से बहुत खुशी हुई। साय के नेतृत्व में प्रदेश का बेहतर विकास होगा। अच्छे से राज्य चलाएं ये मैंने उनसे कहा है। दिवंगत दिलीप सिंह जूदेव भी चाहते थे, विष्णुदेव साय सीएम बनें। अब उनके सीएम बनने से स्व. जूदेव को सच्ची श्रद्धांजलि मिली है।
CG News: बता दें कल 13 दिसंबर को रायपुर के साइंस कॉलेज ग्राउंड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित कई केंद्रीय मंत्रियों की मौजूदगी में कुनकुरी विधायक विष्णुदेव साय सीएम पद की शपथ लेंगे।