The Duniyadari: रायपुर- छत्तीसगढ़ के लाखों छात्रों का इंतजार आज खत्म हो रहा है। माध्यमिक शिक्षा मंडल कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड के नतीजे आज दोपहर 2:30 बजे जारी करेगा। इसी बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक भी चल रही है।
नतीजों के ऐलान से पहले शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि मेरिट लिस्ट में जगह बनाने वाले 10वीं और 12वीं के टॉपर्स को सरकार की ओर से डेढ़-डेढ़ लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। मंत्री ने सभी परीक्षार्थियों को अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मेहनत का फल जरूर मिलेगा।
शिक्षा मंत्री ने छात्रों से अपील की कि जिनका रिजल्ट उम्मीद के मुताबिक न आए, वे निराश न हों। जीवन में आगे कई मौके मिलेंगे। माशिमं की वेबसाइट http://cgbse.nic.in और http://results.cg.nic.in पर छात्र रोल नंबर डालकर नतीजे देख सकेंगे।
इस साल 10वीं में करीब 3.5 लाख और 12वीं में 2.8 लाख छात्रों ने परीक्षा दी थी। पिछले साल 10वीं का रिजल्ट 75.6% और 12वीं का 79.4% रहा था। नतीजों के बाद टॉपर्स की सूची और जिला वाइज पास प्रतिशत भी जारी किया जाएगा।
मंत्रालय में फिलहाल कैबिनेट बैठक जारी है। माना जा रहा है कि बैठक में टॉपर्स को दी जाने वाली राशि के प्रस्ताव पर भी मुहर लग सकती है। रिजल्ट को लेकर छात्रों और अभिभावकों में सुबह से ही उत्सुकता है।















