The Duniyadari: रायपुर- छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 के नतीजे जारी कर दिए हैं। इस बार कुल 5.66 लाख परीक्षार्थियों ने बोर्ड परीक्षा में हिस्सा लिया था, जिनमें 12वीं के 2,45,785 छात्र-छात्राएं शामिल थे। छात्र अपना रिजल्ट माशिमं की 9 आधिकारिक वेबसाइटों पर रोल नंबर डालकर देख सकते हैं।
12वीं के नतीजों का ट्रेंड देखें तो प्रदेश में हायर सेकेंडरी का प्रदर्शन लगातार सुधर रहा है। पिछले चार सालों से 12वीं का पास प्रतिशत 80% या उससे ऊपर बना हुआ है। शिक्षा विभाग इसे गुणवत्तापूर्ण पढ़ाई और नई योजनाओं का असर मान रहा है।
नतीजों की सबसे बड़ी बात ये रही कि इस बार भी बेटियों ने बाजी मारी है। हर साल की तरह इस साल भी लड़कियों का उत्तीर्ण प्रतिशत लड़कों से काफी बेहतर रहा। ग्रामीण और शहरी दोनों इलाकों में छात्राओं ने टॉपर्स लिस्ट में दबदबा बनाया है।
शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने सभी सफल छात्रों को बधाई दी और कहा कि मेरिट में आने वाले टॉपर्स को डेढ़-डेढ़ लाख रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। जिन छात्रों का परिणाम उम्मीद के मुताबिक नहीं आया, उन्हें निराश न होने की सलाह दी गई है।
रिजल्ट जारी होते ही http://cgbse.nic.in, http://results.cg.nic.in समेत 9 वेबसाइटों पर ट्रैफिक बढ़ गया। मंडल ने मार्कशीट डाउनलोड करने के साथ डिजिलॉकर की सुविधा भी दी है। स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि 3 दिन के भीतर अंकसूची वितरित कर दें।














