Saturday, March 14, 2026
Home कोरबा Collector Sanjeev Jha : कोरबा शहर में ही संचालित होगा स्वामी आत्मानंद...

Collector Sanjeev Jha : कोरबा शहर में ही संचालित होगा स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम काॅलेज

285
कोरबा। Collector Sanjeev Jha : जिले के स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूलों से कक्षा बारहवीं पास करने वाले विद्यार्थियों को अब कोरबा शहर में ही रहकर अंग्रेजी माध्यम से उच्च शिक्षा प्राप्त करने की सुविधा मिलेगी। विद्युत गृह हायर सेकेण्डरी स्कूल क्रमांक 01 में स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम काॅलेज का संचालन किया जाएगा। इससे जिले के बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। जिले में ही अंग्रेजी माध्यम में गुणवत्ता पूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध होगी। कलेक्टर संजीव झा ने नगर निगम आयुक्त प्रभाकर पाण्डेय की मौजूदगी में आज विद्युत गृह हायर सेकेण्डरी स्कूल का निरीक्षण किया। कलेक्टर श्री झा ने कहा कि कोरबा में स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी काॅलेज के लिए जगह चिन्हांकन किया जा रहा था। इसके लिए सर्वे भी किया गया था।
महाविद्यालय के अनुरूप व्यवस्थाएं और सुविधाएं तथा आवश्यक संसाधन विद्युत गृह स्कूल में उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि काॅलेज संचालन समिति स्कूल प्रबंधन समिति और सीएसईबी के अधिकारियों से चर्चा उपरांत विद्युत गृह स्कूल में स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम काॅलेज संचालित करने का निर्णय लिया गया है। वर्तमान में स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम काॅलेज में भर्ती विद्यार्थियों के कक्षाओं का संचालन शासकीय पीजी काॅलेज में किया जा रहा है। आत्मानंद अंग्रेजी काॅलेज के लिए नए भवन मिल जाने से विद्यार्थियों को पढ़ाई की बेहतर सुविधा मिलेगी। साथ ही लाइब्रेरी, प्रयोगशाला और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों का बेहतर लाभ विद्यार्थियों को मिलेगा।
कलेक्टर श्री झा ने स्कूल परिसर भवन के विभिन्न कक्षों का अवलोकन किया। उन्होंने मौजूदा कमरों की स्थिति और उपलब्ध संसाधनों की जानकारी मौके पर मौजूद अधिकारियों से ली। उन्होंने स्कूल परिसर भवन के रंगाई पुताई, उन्नयन कार्य, साफ-सफाई, फर्नीचर एवं पेयजल आदि व्यवस्थाओं की जानकारी लेकर सभी जरूरी व्यवस्थाएं तेजी से दुरूस्त करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
कलेक्टर श्री झा (Collector Sanjeev Jha) ने कहा कि काॅलेज खुलने के बाद मौजूदा संसाधनों में आगे भी बढ़ोत्तरी की जाएगी। कलेक्टर श्री झा ने कहा कि विद्युत गृह स्कूल में अंग्रेजी माध्यम काॅलेज खुलने से वर्तमान में संचालित स्कूल के कक्षा संचालन में कोई बाधा नहीं आएगी। काॅलेज संचालन के लिए परिसर के अनुपयोगी जगह और आवश्यक संसाधनों का उपयोग किया जाएगा। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी जी. पी. भारद्वाज, विद्युत गृह स्कूल के प्राचार्य सुरेश रात्रे, पीजी काॅलेज की प्राचार्या डाॅ. साधना खरे, शाला प्रबंधन समिति के सचिव गोवर्धन सिदार सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।