कोरबा। करतला विकासखंड के ग्राम पंचायत करतला स्थित गौठान में जिला स्तरीय गोवर्धन पूजा कार्यक्रम कलेक्टर संजीव झा शामिल हुुए। गोवर्धन पूजा कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की मौजूदगी में गौठान में गायों को तिलक लगाकर माला पहनाया और अन्नकूट का प्रसाद खिला कर गोवर्धन पूजा की परंपरा निभाई।
कलेक्टर ने इस अवसर पर कहा कि गोवर्धन पूजा का धार्मिक व सांस्कृतिक महत्व है। यह पूजा पहले से होते रहा है। शासन द्वारा नरवा गरवा, घुरवा व बारी योजना के तहत संचालित गौठानों में इस तरह के धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होने लगा है। इस तरह गौठान भी अब हमारे विभिन्न मान्यताओं और परंपराओं के साक्षी भी बनने लगे हैं।
उन्होंने कहा की गौठानों के माध्यम से आज न केवल मवेशियों का संरक्षण हो रहा है बल्कि यहां से जुड़कर स्व. सहायता समूह की महिलाएं व ग्रामीण अपने लिए आजीविका के साधन भी जुटा रहे हैं। गोबर विक्रय, वर्मी कंपोस्ट खाद विक्रय कर वे लाभ अर्जित कर रहे हैं। गौठानों में गोबर से खाद बनाने के अलावा उनको अन्य योजनाओं से भी जोड़ने की दिशा में काम हो रहा है।
कलेक्टर ने कहा कि गौठानों को मवेशियों के संरक्षण व अन्य कार्यों तक सीमित न रखकर आजीविका के आदर्श केंद्र बनाने की मंशा के साथ काम करना चाहिए। इसके लिए ग्राम पंचायत समिति, गौठान प्रबंधन समिति व ग्रामवासियों और किसानों को समन्वय के साथ काम करना चाहिए। इस दौरान गौठान का निरीक्षण के साथ ही कलेक्टर श्री झा ने गौठान की व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली । कलेक्टर ने गौठान प्रबंधन समिति के कार्यों की प्रशंसा की और उन्होंने धान बिक्री का काम होने के बाद ग्रामीण किसानों को गौठानों के लिए स्वेच्छा से पैरा दान करने के लिए प्रेरित करने के लिए कहा।
इस अवसर पर कलेक्टर ने करतला गौठान में मवेशियों की देखरेख और उनको चराने का काम करने वाले चरवाहा सुर सिंह और उनकी पत्नी सजन सिंह का श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। कलेक्टर ने करतला में पुरखों से बैगा का काम करने वाले परिवार के सदस्य बैगा रत्थू सिंह का भी सम्मान किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत के सीईओ नूतन कंवर, कोरबा एसडीएम सीमा पात्रे, करतला जनपद सीईओ रुचि शार्दुल, करतला ग्राम पंचायत सरपंच भुवनेश्वरी बाई महंत, उपसरपंच शैलेंद्र राय, करतला गौठान प्रबंधन समिति के अध्यक्ष शैलेष राय सहित कृषि पशु चिकित्सा व अन्य विभागों के अधिकारी और कर्मचारी व ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।