रांची। Indi Alliance: झारखंड में इंडी गठबंधन की उलगुलान न्याय महारैली के दौरान ही कुछ कार्यकर्ता आपस में भिड़ पड़े जिसके बाद जमकर हंगामा हुआ। इस दौरान कार्यकर्ता एक दूसरे पर कुर्सियां फेंकते भी नजर आए। कई लोग खुद को बचाने के लिए इधर उधर भागते भी नजर आए। इस दौरान कार्यकर्ताओं के घायल होने की भी खबर है। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है जिसमें कार्यकर्ता एक दूसरे पर कुर्सी फेंकते नजर आ रहे हैं।
Indi Alliance: बता दें, रांची में इंडिया गठबंधन की महारैली आयोजित की गई है। इसमें 14 राजनीतिक दलों ने शिरकत की है। ये रैली दिल्ली के मख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ रामलीला मैदान में हुई रैली की तर्ज पर आयोजित की गई है जिसमें हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी का विरोध किया जा रहा है। इस दौरान राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव ने रविवार को दावा किया कि झारखंड की जनता पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ हुए ‘अन्याय’ के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को मुंहतोड़ जवाब देगी।
Indi Alliance: विपक्षी गठबंधन उलगुलान न्याय रैली में हिस्सा लेने के लिए रांची पहुंचने के बाद संवाददाताओं को संबोधित करते हुए तेजस्वी ने कहा कि विपक्षी गठबंधन का उद्देश्य देश और संविधान को बचाने के लिए भाजपा को उखाड़ फेंकना है। उन्होंने कहा, झारखंड की जनता पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ हुए अन्याय के लिए भाजपा को मुंहतोड़ जवाब देगी। हमारा उद्देश्य देश, लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए भाजपा को जड़ से उखाड़ फेंकना है।