KORBA: भाजपा के प्रदेश प्रभारी नितिन नवीन पर बरसे जिला कांग्रेस अध्यक्ष, कहा.भाजपा के पास कोई मुद्दा नहीं, शांतप्रिय प्रदेश में अशांति फैलने से बाज आएं

358

कोरबा। जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरेन्द्र प्रताप जायसवाल ने बिहार सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं भाजपा संगठन के छत्तीसगढ़ सह प्रभारी नितिन नवीन के कथन पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराते हुए कहा है कि बिहार सरकार के कैबिनेट मंत्री नितिन नवीन बिहार को तो संभाल नहीं पा रहे और यहॉ छत्तीसगढ़ के शांतप्रिय प्रदेश में अमर्यादित शब्दों का प्रयोग कर अशांति फैलाने का असफल प्रयास कर रहे हैं।

डीसीसी अध्यक्ष ने कहा कि नितिन नवीन चाहे कितना प्रयास कर लें हमारे छत्तीसगढ़ प्रदेश में अशांति नही फैला सकते। यह पूछे जाने पर कि नितिन नवीन जी ने राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल पर आरोप लगाते हुए कहा कि आगामी चुनाव में राजस्व मंत्री के चलते छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार घिरेगी। इस पर सुरेन्द्र प्रताप जायसवाल ने कहा कि जब आपको यह पता है कि राजस्व मंत्री जी के चलते कांग्रेस सरकार घिरेगी तो अभी से इसका प्रचार क्यों कर रहे हैं? आप समय का इंतजार क्यों नह कर रहे? अगर यह मुद्दा भी आप खो देंगे तो आगामी चुनाव में और कहॉ से मुद्दा लायेंगे।

कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा के पास कांग्रेस को घेरने के लिए कोई मुद्दा ही नहीं है, ऐसे में इनके नेता जहॉ भी जाते हैं आनन फानन आरोप व अमर्यादित शब्दों का प्रयोग कर ‘‘खिसयानी बिल्ली खम्भा नोंचे’’ के कहावत को चरितार्थ करते रहते हैं।

सुरेन्द्र प्रताप जायसवाल ने कहा कि नितिन जी भले ही बिहार सरकार में कैबिनेट मंत्री है लेकिन यहॉ उन्हें भाजपा संगठन के राज्य सह प्रभारी का दायित्व निर्वाहन के तहत कोरबा आना हुआ है। ऐसे में उनका दायित्व बनता है कि वे संगठन में पार्टी के कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण एवं आगामी रणनीति को लेकर अपना विचार व सुझाव अपने पार्टी कार्यालय में रखते ना कि प्रेसवार्ता लेकर अन्य बे-बुनियाद आरोप लगाते।

जिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष सपना चौहान ने भी भाजपा के राज्य सह प्रभारी के कथनों का खण्डन करते हुए कहा कि अगर अग्निवीर योजना से देश के युवाओं को रोजगार के अवसर मिलने के साथ-साथ उनका भविष्य संवर जाएगा तो इसका देश भर में इतना विरोध क्यों हो रहा है?

कांग्रेस नेत्री ने कहा, बिहार प्रदेश में सबसे ज्यादा विरोध देखने व सुनने को मिल रहा है ऐसे में नितिन जी को पहले बिहार के युवाओं को जागृत करने व समझाने की जरूरत ज्यादा है। छत्तीसगढ़ प्रदेश में अग्निवीर योजना की लौ अभी पहुंच नही पायी है। लगता है नितिन जी यहॉ भी लावा भड़काने चाहते हैं।

कृषि कानून की तरह होगा हाल

सपना चौहान ने कहा कि जिस प्रकार तीन काले कानून को कई महीनों तक किसान आंदोलन व विरोध के बाद यह कह कर वापस ले लिया गया कि शायद हम किसानों को ठीक से समझा नहीं पाए, इस योजना पर आने वाले समय में कहीं ऐसा ना हो कि शायद हम युवाओं को ठीक से समझा नहीं सके। लेकिन तब तक देश का कितना नुकसान होगा भाजपा की केन्द्र सरकार इस पर विचार करें और समय रहते या तो युवाओं को ठीक से समझा दे या फिर योजना वापस ले ले, इसी में देशवासियों की और हम सबकी भलाई होगी।