The Duniyadari: KORBA दर्री थाना क्षेत्र के एनटीपीसी (NTPC) कावेरी विहार कॉलोनी से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक को कथित तौर पर नग्न कर कॉलोनी की सड़कों पर दौड़ाते हुए बेरहमी से पीटा गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया है। हालांकि, इतने गंभीर मामले के बावजूद अब तक पुलिस के पास कोई औपचारिक शिकायत नहीं पहुंची है।
जानकारी के मुताबिक पीड़ित युवक की पहचान अमरदास के रूप में हुई है, जो कावेरी विहार कॉलोनी के सर्वेंट क्वार्टर में रहता है। उसकी पत्नी कॉलोनी में रहने वाले अधिकारियों के घरों में घरेलू काम करती है। बताया जा रहा है कि अमरदास को शराब की लत है और घटना वाले दिन वह नशे में था।
बताया गया कि वह अपने एक परिचित की बाइक लेकर शराब पीने गया था, लेकिन लौटते समय बाइक उसके पास नहीं थी। आरोप है कि उसने बाइक को बेच दिया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।
विवाद के बाद अमानवीय मारपीट
बाइक वापस नहीं मिलने पर वाहन मालिक और उसके साथियों ने अमरदास को पकड़ लिया और उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। आरोप है कि इस दौरान उसके कपड़े उतरवाकर उसे नग्न हालत में कॉलोनी की सड़कों पर दौड़ाया गया और मारपीट की गई। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश भी की।
घटना के दौरान बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। किसी ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। मारपीट के बाद युवक खून से लथपथ हालत में इधर-उधर भागता रहा। कुछ स्थानीय लोगों ने उसे वहां से हटने की भी सलाह दी।
एक सप्ताह बाद वायरल हुआ वीडियो
बताया जा रहा है कि यह घटना करीब एक सप्ताह पहले की है, लेकिन इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया है।
इस संबंध में दर्री थाना प्रभारी आशीष सिंह ने बताया कि अब तक इस मामले में कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर पुलिस जांच कर आगे की कार्रवाई करेगी।
घटना के वायरल होने के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है और लोग आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।















